JAMSHEDPUR: ग्रेजुएशन पार्ट वन फ‌र्स्ट सेमेस्टर का परीक्षा फार्म भरने में वर्चस्व को लेकर एबीएम कॉलेज गोलमुरी में दोपहर तीन बजे के बाद जमकर लाठी डंडे चले। गुरुवार को यहां झारखंड छात्र मोर्चा तथा महागठबंधन से जुड़े छात्र संगठन के छात्र नेताओं के बीच जबरदस्त मारपीट हुई। छात्र नेताओं ने एक-दूसरे पर लाठी, डंडे और बेल्ट से हमला किया। इस दौरान कई छात्रों ने पिस्तौल भी लहराई। परिसर में विवाद की सूचना मिलने के बाद बीच बचाव करने पहुंचीं कॉलेज प्राचार्या डॉ। मुदिता चंद्रा पर भी महागठबंधन के छात्रों ने हमला बोल दिया और वह गिर पड़ी। इसमें दोनों पक्षों के एक दर्जन छात्र घायल हो गए। झारखंड छात्र मोर्चा से संबंधित और कॉलेज के चार छात्र इस घटना में सबसे ज्यादा चोट लगी है। मामले की सूचना मिलने पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंची। कुछ छात्रों को हिरासत में लेकर अपने साथ गई। कॉलेज में लगे सीसीटीवी कैमरे से मारपीट करने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। विवाद में दोनों पक्षों से करीब एक दर्जन छात्र घायल हुए हैं। इन्हें पांच छात्रों को देरशाम इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल लाया गया। दोनों पक्षों ने अलग-अलग एक दूसरे के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।

इसलिए बढ़ गया विवाद

जानकारी के अनुसार अपराधी बजरंगी सिंह के नेतृत्व में महागठबंधन के 50 से अधिक सदस्य दोपहर तीन बजे अचानक लाठी डंडे के साथ घुस गए और कतार में खड़े रहने के बजाय ये छात्र कॉलेज के कार्यालय में घुसकर फार्म भरने लगे थे। इसका विरोध झारखंड छात्र मोर्चा के सदस्यों व कॉलेज छात्र संगठन ने किया। इसके बाद विवाद बढ़ गया और कॉलेज रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। विवाद के संबंध में पूछे जाने पर महागठबंधन के नेता सुनील सिंह ने बताया कि छात्र संघ के दौरान प्रत्याशी रहे तीन छात्रों से झारखंड छात्र मोर्चा के नेता और कॉलेज अध्यक्ष अरूण कुमार ने जबरन सरस्वती पूजा के नाम पर चंदा वसूलने का प्रयास किया। इसका विरोध करने पर छात्रों के साथ जमकर मारपीट की गई। वहीं झारखंड छात्र मोर्चा के नगर अध्यक्ष प्रेम प्रकाश दुबे ने बताया कि कॉलेज में परीक्षा फार्म भरने के लिए छात्र-छात्राओं की लंबी कतार लगी हुई थी। इसी दौरान बजरंगी सिंह के नेतृत्व में कई आपराधिक प्रवृत्ति के लोग परिसर में घुस कर कुछ छात्रों का आवेदन पहले जमा कराने का प्रयास करने लगे। कॉलेज के छात्रसंघ अध्यक्ष ने इसका विरोध किया तो उनके साथ मारपीट की गई। इस दौरान कॉलेज प्रशासन के खिलाफ भी नारेबाजी की गई।

ये छात्र हैं गंभीर

जेसीएम : पप्पू यादव, चंदन ठाकुर, प्रेम प्रकाश दुबे, मंगल सिंह

महागठबंधन : बजरंगी सिंह, विवेक, प्रकाश

कौन है बजरंगी सिंह

बजरंगी सिंह को दिसंबर 2017 में चोरी की बाइक और 14 मोबाइल सेट के साथ जमशेदपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया गया था। इस दौरान उनके साथ पांच अन्य साथी पकड़े गए थे। फिलहाल वह जमानत पर है।

-एक साजिश के तहत कॉलेज को बदनाम करने का यह षडयंत्र है। सुनियोजित तरीके से मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

-डॉ। मुदिता चंद्रा, प्राचार्या, एबीएम कॉलेज गोलमुरी।

Posted By: Inextlive