जमशेदपुर : परसुडीह थाना की पुलिस ने वाहन चोर गिरोह के चार सदस्य को गिरफ्तार किया है जिनके पास से परसुडीह थाना क्षेत्र के चुराए गए 10 दोपहिया वाहन बरामद किए गए। इनमें दो लावारिस हालत में मिले। इसकी जानकारी परसुडीह थाना परिसर में एसएसपी एम तमिल वानन ने पत्रकारों को देते हुए बताया गिरफ्तार आरोपितों में परसुडीह हलुदबनी का विक्रम पाल उर्फ विक्की, परसुडीह कोयला टाल क्षेत्र का शुभम यादव, नामोटोला का लालमोहन भूमिज और हलुदबनी तिरिल टोला के राज महली शामिल है। इससे पहले गिरोह का एक सदस्य मनीष को बागबेड़ा थाना की पुलिस ने दो दिन पहले चाकूबाजी मामले में न्यायिक हिरासत में भेजा है। गिरोह का सरगना विक्रम पाल है। जून से जुलाई अब तक गिरोह के सदस्यों ने परसुडीह थाना क्षेत्र से 10 दोपहिया चुराया था। सभी वाहन बरामद किए गए। गिरोह की गिरफ्तारी में परसुडीह थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार दास समेत थाना के सब इंस्पेक्टर और पुलिसकर्मी की अहम भूमिका रही।

एसएसपी ने दी जानकारी

एसएसपी ने बताया गिरोह के सदस्य चोरी की बाइक को बंगाल और ओडिशा में बेचने की तैयारी में थे। लगातार वाहन की खरीद-बिक्री को लेकर बंगाल और ओडि़शा के एजेंट से संपर्क में थे। पुलिस ने गोपनीय सूचना पर विक्रम पाल को पहले गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्य गिरफ्तार किए गए। विक्रम के पास से चोरी की दोपहिया भी बरामद की गई। चोरी की बाइक को 15 से 20 हजार रुपये में बेचने की बातचीत ओडिशा के एजेंट से गिरोह के सदस्य कर रहे थे, लेकिन पकड़े जाने के कारण वाहन बेच नहीं पाए। जो आरोपित पकड़े गए हैं, उनमें किसी का आपराधिक इतिहास नहीं रहा है।

10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद

मानगो के पारडीह चौक में आबकारी विभाग की टीम ने मंगलवार देर रात छापेमारी की। एक कार से 10 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद किया। इस मामले में कार चालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। विभाग को गोपनीय सूचना मिली थी कि पारडीह चौक से कार में कुछ लोग अंग्रेजी शराब लेकर जा रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई की गई। जब्त शराब को अरुणाचल प्रदेश निर्मित है और उसकी बिक्री अरुणाचल प्रदेश में होनी है। इससे पहले भी अरुणाचल प्रदेश की निर्मित शराब की खरीद-बिक्री जमशेदपुर और इसके आस-पास हो रही है।

Posted By: Inextlive