छ्वन्रूस्॥श्वष्ठक्कक्त्र: दिनभर की प्रचंड गर्मी के बाद शनिवार को शाम होते ही शहर और आसपास के क्षेत्र में तूफानी हवाएं चलने लगीं। देखते ही देखते करीब सात बजे हवा के झोकों के बीच शुरू हुई बारिश ने शहर को भिगो दिया। पूरे दिन गर्मी व उमस से परेशान लोगों को तेज हवा व बारिश के चलते राहत मिली। शहर में कई स्थानों पर पेड़ों से डालियां टूटकर गिरीं। करीब दस मिनट की बारिश के बाद बाहर का मौसम सुहावना हो गया जबकि कमरे के अंदर उमस बढ़ गई। शनिवार को दिन में तीखी धूप खिली रही। हालांकि अधिकतम तापमान में 1.3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई।

दोपहर बाद करीब तीन बजे से ही आसमान में बादल छाने लगे। इसके बाद फिर आसमान साफ हुआ, लेकिन शाम ढलने के बाद बादल बूंदे बनकर बरस पड़े। मौसम विभाग ने शहर का तापमान अधिकतम 39.3 और न्यूनतम 27.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया है। दरअसल, शहर और आसपास के क्षेत्र में मौसम साफ रहने के बाद इस माह शुक्रवार को पहली बार तापमान 40 के पार पहुंचा था।

चक्रवाती तूफान अम्फान का असर

शनिवार की शाम को तूफानी हवा के साथ शुरू हुई बारिश को चक्रवाती तूफान अम्फान का असर बताया जा रहा है। मौसम विभाग ने शनिवार को चक्रवाती तूफान की आशंका पहले ही जता दी थी। मौसम विज्ञान विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक बंगाल की खाड़ी के ऊपर और दक्षिण अंडमान सागर के पास कम दबाव का क्षेत्र समुद्री तूफान में बदल गया है। समुद्री तूफान के कारण शहर और आसपास के क्षेत्र में मौसम का मिजाज बदला रहेगा। शहर और आसपास के क्षेत्र में 21 मई तक बारिश होने की उम्मीद जताई गई है। इस दौरान 18 मई को तेज बारिश होने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार 18 मई को समुद्री तूफान भयंकर रूप धारण कर लेगा और 19 मई को अपराह्न तक तूफान के किसी स्थल भाग से टकराने की उम्मीद है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार शहर और आसपास के क्षेत्र में अगले पांच दिनों में रोज बारिश होने की संभावना है। अभी राज्य में प्री-मानसून का दौर चल रहा है।

रविवार को तूफानी हवाएं चलने की संभावना

मौसम विभाग के अनुसार अगर ये चक्रवाती तूफान के तौर पर विकसित हुआ तो ये 17 मई तक उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ेगा और फिर उत्तर-पश्चिम की ओर भी बढ़ने की संभावना है। उस दौरान हवा की रफ्तार 55-65 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। यह रफ्तार बढ़कर 75 किलोमीटर प्रतिघंटा तक भी पहुंच सकती है। जिसका असर लौहनगरी में भी पड़ने की संभावना है।

Posted By: Inextlive