लोगों ने दी मंत्री बन्ना गुप्ता का घेराव करने की चेतावनी सडक़ पर उतर कर लोगों ने जमकर हंगामा किया.


जमशेदपुर (ब्यूरो): मानगो के डिमना बस्ती में लगभग पन्द्रह दिनों से पानी की सप्लाई नहीं होने के कारण पानी के लिए हाहाकार मच गया है। लोग बस्ती से लगभग पांच किलोमीटर दूर डिमना लेक से पानी लेकर अपना दैनिक कार्य कर रहे हैं। रोज कमाने खाने वाले लोगों की बस्ती होने के कारण डिमना झील से पानी ढोने के कारण लोग काम पर नहीं जा पा रहे हैं। स्थिति यह है कि महिलाओं और बच्चों ने पन्द्रह दिनों से स्नान तक नहीं किया है। बस्ती में रहने वाले लोगों को किसी ने जानकारी दी थी कि आज उनके यहां सुबह 6 बजे टैंकर आ जाएगा। इसके बाद लोग सुबह 6 बजे सुबह से ही लोग बाल्टी, तसला, डेकची लेकर टैंकर से पानी लेने के लिए कतार लगाकर खड़े गए। टैंकर आने में विलंब होने के कारण लोगों का आक्रोश बढ़ गया और लोग सडक़ पर उतर गए। लोगों ने जमकर हंगामा किया।बूंद-बूंद को तरस रहे


मामले की जानकारी मिलते ही भाजपा नेता विकास सिंह मौके पर पहुंचे। उपस्थित लोगों ने बताया कि विगत पन्द्रह दिनों से एक बूंद भी पानी की सप्लाई बस्ती में नहीं हुई है। लोग बूंद बूंद पानी के लिए दर-दर भटक रहे हैं। जिसके घर में पुरुष है वे पांच किलोमीटर दूर डिमना झील से पानी लाकर अपनी दिनचर्या के कार्य कर रहे हैं। रोज कमाने खाने वाले लोगों की बस्ती होने के कारण लोग आर्थिक रूप से सक्षम नहीं हैं, जिस कारण लोग पानी खरीद नहीं पा रहे हैं।डिमना लेक से ला रहे पानी स्थानीय निवासी अर्जुन प्रमाणिक ने बताया प्रात: 4 बजे प्रतिदिन उठकर डिमना झील जाते हैं और चार बार पानी लेकर आते हैं, तब जाकर घर का काम काज चलता है। भाजपा नेता विकास सिंह ने मामले की जानकारी पेयजल स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ-साथ नगर निगम के अधिकारियों को देते हुए चेतावनी दी की इस तरह का खिलवाड़ किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। विकास सिंह ने कहा स्थिति नहीं सुधरी तो इस बार नगर निगम, पेयजल स्वच्छता विभाग अथवा उपायुक्त कार्यालय का घेराव नहीं किया जाएगा। कहा कि स्थानीय लोगों के साथ सीधे स्थानीय विधायक स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के आवास को घेरा जाएगा।किया प्रदर्शन

मानगो से महिलाएं और पुरुष पैदल अपने सिर पर हंडी, तसला और बाल्टी लेकर कदमा मंत्री बन्ना गुप्ता के आवास जाएंगे और घेराव करेंगे। इस दौरान विकास सिंह, संदीप शर्मा, संजू देवी, जगबंधू महतो, धीरेन कर्मकार, आशु गोप, कीर्तन कुमार, शकुंतला देवी, फूलमनी देवी, पुष्पा देवी, गीता देवी, राधा कर्मकार, मित्तल कर्मकार, लीला देवी, महिमा देवी, माला देवी, सुलेचना देवी, अर्चना देवी, मामूनी दास, अर्जुन प्रमाणिक सहित सैकड़ों लोग मौजूद थे।

Posted By: Inextlive