जमशेदपुर : बिरसानगर थाना क्षेत्र जोन संख्या तीन मछली मार्केट के पास अनिकेत तिवारी उर्फ नन्हें तिवारी की गला काटकर अपराधियों ने हत्या कर दी। मृतक आ‌र्म्स एक्ट मामले में पहले जेल जा चुका था। इस मामले वह बिरसानगर थाना में रोजाना हाजिरी लगाता था। ब्राउन शुगर बेचने के मामले में उसके खिलाफ 10 दिन पहले सिदगोड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उसकी तलाश पुलिस को थी।

मृतक पहले आदित्यपुर थाना क्षेत्र में रहता था। उसके बाद बारीडीह में रहने लगा। वर्तमान में बिरसानगर जोन संख्या तीन बी काली मंदिर के पास किराए के मकान पर रह रहा था। हत्या मामले में मृतक के पिता गणेश तिवारी की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ बिरसानगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आधा दर्जन से अधिक युवकों को हिरासत में लिया है इनमें मृतक के मित्र और विरोधी शामिल हैं।

आपसी रंजिश हत्या की वजह

हत्या का कारण आपसी रंजिश के रूप में सामने आ रहा है। मृतक का विवाद इलाके के कई युवकों से था। उसका आदित्यपुर के कई दागियों के साथ भी उठना-बैठना था। वह मूल रूप से बिहार के गोपालगंज का निवासी था। दो जून 2019 को बिरसानगर थाना की पुलिस ने नन्हें तिवारी को पिस्तौल और कारतूस के साथ आदित्यपुर थाना क्षेत्र के भाटिया बस्ती से गिरफ्तार किया था। बिरसानगर इलाके में कई घटनाओं को अंजाम दे चुका था।

पुलिस की कार्यशैली पर सवाल

इधर, हत्या से बिरसानगर थाना की पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़ा हो रहे हैं। जहां युवक की हत्या की गई है वहां पुलिस को मंगलवार रात 12.30 बजे मारपीट होने की सूचना मिली थी। पुलिस गई भी थी, लेकिन पुलिस के पहुंचते ही मारपीट करने वाले सभी युवक नाला की ओर से भाग निकले थे। घटना के चार घंटे बाद अनिकेत तिवारी की हत्या हो गई। बुधवार सुबह चार बजे टहलने निकले लोगों ने शव देखा। इसकी सूचना बिरसानगर थाना की पुलिस को दी गई। एसएसपी एम तमिल वानन समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। वहीं सड़क किनारे शव मिलने पर इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के स्वजनों से मामले की जानकारी ले रही है।

मृतक दागी था और वह कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुका था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जल्द ही हत्या में संलिप्त लोगों को अरेस्ट कर लिया जाएगा।

-डॉ एम तमिल वाणन, एसएसपी, ईस्ट सिंहभूम

Posted By: Inextlive