Ranchi : मेट्रो सिटीज की तरह रांची सिटी में भी कहीं आने-जाने के लिए सिटी बसें चलाई जा रही हैं. यहां 26 मई 2010 से सिटी बसें चलनी शुरू हुई थीं. जिस समय सिटी बसें चलनी शुरू हुई थीं उस समय 70 सिटी बसें रांची शहर में चलने के लिए आईं थीं. लेकिन सिटी की सड़कों पर कभी भी 70 बसें दिखाई नहीं दीं. अभी भी सिटी में डेली कभी 40 तो कभी 50 बसें चल रही हैं. कुछ बसें पूरी तरह खराब हो गई हैं. कुछ सर्विसिंग में हैं तो कुछ बसें ड्राइवर नहीं मिलने के कारण खड़ी हैं.

पुरानी हो चुकी हैं बसें
सिटी बसों को चलाने की जिम्मेवारी झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन को दी गई है। जेटीडीसी के एमडी सुनील कुमार ने बताया कि जो बसें अभी चल रही हैं, वह तीन साल पुरानी हो गई हैं। इस कारण कुछ बसें सर्विसिंग के लिए दी गई हैं। इसके अलावा दो बसों में काफी अधिक परेशानी हो गई है। अभी भी सिटी में हर दिन करीब 40 से 50 बसें चल रही है। उन्होंने बताया बसों को ठीक करने के लिए गवर्नमेंट को पैसे का आवंटन करने के लिए लिखा गया है।

खड़ी हैं 25 सिटी बसें
सिटी में चलने के लिए 70 सिटी बसें हैं, जिसमें से एक सिटी बस के जल जाने के बाद 69 सिटी बसें बची हैं। लेकिन कभी भी सिटी की सड़कों पर सभी बसें कभी भी नहीं चलीं। ड्राइवर नहीं मिलने के कारण करीब 10 बसें खड़ी हैं और करीब 15 बसें गैरेज में हैं। इस कारण सिटी के रोड पर कम बसें दिखाई दे रही हैं। जब से सिटी में सिटी बसों की शुरुआत हुई है, कभी भी पूरी संख्या में सिटी बसें रोड पर नजर नहीं आईं।

नहीं मिल रहे ड्राइवर  
एक सोर्स ने बताया कि जो सिटी बसें खड़ी हैं, उनमें कई  बसें  इसलिए खड़ी हैं, क्योंकि गाड़ी चलाने के लिए ड्राइवर नहीं मिल पा रहे हैं। सिटी बसों को चलाने के लिए स्टाफ के लिए किसी प्राइवेट कंपनी को आउटसोर्स कर दिया गया है, इसके बाद भी कभी भी सभी बसों पर स्टाफ नहीं मिला। जिससे काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुनील कुमार ने बताया कि सिटी बसों को चलाने की जिम्मेवारी नगर निगम की है। मार्च महीने में ही सिटी बसें नगर निगम को चलाने के लिए देना था। लेकिन अभी तक नगर निगम बसों को ले नहीं रहा है। काफी जल्दी ही बसों को नगर निगम को चलाने के लिए दे दिया जाएगा।

Posted By: Inextlive