--रांची वीमेंस कॉलेज में फ‌र्स्ट ग्रेजुएशन सेरेमनी

रांची : राज्यपाल सह कुलाधिपति द्रोपदी मुर्मू ने छात्राओं से कहा कि जीवन में कामयाबी ऐसी हो कि समाज में आपकी पहचान रोल मॉडल के रूप में हो। आप अपनी कामयाबी से समाज को लाभान्वित करें, तभी उसकी सार्थकता है। साथ ही जीवन में प्रगति के लिए नैतिक व चारित्रिक पक्ष को मजबूत रखें। राष्ट्र की प्रगति में बहुमूल्य योगदान दें। उन्होंने कहा कि बेटियां हर क्षेत्र में तेजी से बढ़ रही हैं। रूढि़वादी सोच रखने वाले अपनी सोच बदल लें। कहा, शिक्षिकाएं छात्राओं को इनोवेटिव नॉलेज दें। रांची विवि के कुलपति डॉ.रमेश कुमार पांडेय ने कहा कि सफलता प्राप्त करने के लिए जरूरी है कि लीक से हटकर चलें। इंतजार नहीं करें, जीवन में कभी भी समझौता नहीं करें, आप अपने भाग्य का विधाता स्वयं हैं। आप सरल बनें, सच बोलें। माफ करना सीखें। सफलता के लिए कंफर्ट जोन की जंजीर को तोड़ें।

यह शिक्षा की शुरुआत

प्रोवीसी डॉ.कामिनी कुमार ने कहा कि नम्र रहेंगें, तो उस चीज की अहमियत समझेंगे, जो आपके पास है। साहसी बनें, ताकि आगे की राह आसान हो। कहा, डिग्री वितरण शिक्षा की शुरुआत है, अंत नहीं। यह समय खुद को साबित करने का है। स्वयं के भीतर के विद्यार्थी को मरने नहीं दें।

अपनी छात्राओं पर है गर्व

कॉलेज की प्राचार्या डॉ। मंजु सिन्हा ने कहा कि हमारी छात्राएं हर क्षेत्र में लोहा मनवा रहीं हैं। मल्टीनेशनल कंपनी से लेकर सिविल सेवा, बैंकिंग आदि सेक्टर में जाकर कॉलेज व राज्य का मान बढ़ा रही है। कहा, कॉलेज का सक्सेस रेट 99.6 प्रतिशत है। यह कॉलेज परिवार के लिए गर्व की बात है। इसके लिए हमारे शिक्षक व शिक्षकेतर कर्मचारी खूब मेहनत करते हैं। रांची वीमेंस कॉलेज झारखंड का पहला कॉलेज है, जिसे वर्ष 2004 में बी प्लस ग्रेड मिला।

9999

Posted By: Inextlive