शहीद चौक पर शहीद सप्ताह शुरू धुर्वा में भी मना बलिदान दिवस


रांची (ब्यूरो) । 16 अप्रैल 1858 को अंग्रेजों के द्वारा फांसी पर चढ़ा दिए गए अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव की शहादत को याद किया गया। धुर्वा गोलचक्कर स्थित ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव चौक पर उनके प्रत्यक्ष उत्तराधिकारी ठाकुर प्रवीरनाथ शाहदेव की अगुवाई में शहादत सह श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस बीच स्थानीय शहीद स्थल सह स्मारक, शहीद चौक पर मंगलवार को शहीद सप्ताह का शुभारंभ किया गया। वंदे मातरम से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि भारतीय थल सेना के सेवानिवृत्त कर्नल वीके सिन्हा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रीय गान हुआ। हर साल शहीद सप्ताह
स्थानीय जिला स्कूल परिसर स्थित कदम के पेड़ पर लटकाकर ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव को फांसी दी गई थी। इसके पांच दिन बाद ही यहीं पर शहीद पांडेय गणपत राय को भी फांसी दी गई थी। इन्हीं अमर शहीदों की याद में 1957 से यहां प्रतिवर्ष शहीद सप्ताह का आयोजन होता है। शहीद स्थल पर पुष्प अर्पण कर सभी अतिथि शहीद चौक गए और वहां लगे झारखंड और देश के स्वतंत्रता सेनानियों के चित्र पर पुष्प अर्पण किए। यहां से सभी अल्बर्ट एक्का चौक गए और परमवीर चक्र विजेता शहीद अल्बर्ट एक्का की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पण किया। कार्यक्रम में डा राम प्रवेश, सचिव, शहीद स्मारक समिति ने शहीद स्थल सह स्मारक के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए अतिथियों का स्वागत किया।

Posted By: Inextlive