RANCHI: बिरसा मुंडा एयरपोर्ट रांची से आए दिन जिस तरह फ्लाइट सर्विस बंद हो रही है, उससे इसके इंटरनेशनल एयरपोर्ट बनने का सपना तो धूमिल हो ही रहा है। साथ ही अब डोमेस्टिक उड़ान पर भी संकट गहरा गया है। सस्ती फ्लाइट सर्विस उपलब्ध कराने वाली एयर एशिया रांची से अपनी सर्विस अगस्त से ही शुरू करने वाली थी। डीजीसीए से परमिशन भी मिल गया था। पहली फ्लाइट रांची टू कोलकाता शुरू होने वाली थी, लेकिन यह सर्विस शुरू नहीं हो पाई। वहीं, जेट एयरवेज की फ्लाइट कैंसिल करने की घोषणा से लोगों का कोलकाता जाना भी मुश्किल हो गया है।

अक्टूबर से कोलकाता की जेट फ्लाइट बंद

रांची से कोलकाता जाने वाले एयर पैंसेंजर की परेशानी बढ़ने वाली है। जेट एयरलाइंस ने इन दोनों शहरों के बीच की एयर सर्विस को एक अक्टूबर से बंद करने की घोषणा कर दी है। मालूम हो कि रांची से कोलकाता के बीच अभी जेट की दो फ्लाइट हैं, पहली फ्लाइट सुबह 8 बजे और दूसरी शाम 7 बजकर 50 मिनट पर। इन फ्लाइट से बड़ी संख्या में लोग कोलकाता जाते थे, जिन्हें अब यह सुविधा मिलने नहीं जा रही है। वहीं, कंपनी ने इस सर्विस को बंद करने का फैसला क्यों लिया है, इसकी जानकारी भी नहीं दी है।

विदेश जाने में होगी परेशानी

रांची से विदेश जाने वालों के लिए कोलकाता एयरपोर्ट से इंटरनेशनल फ्लाइट पहली पसंद है। झारखंड के लोग विदेश घूमने से लेकर जॉब और बिजनेस के सिलसिले में भी विदेश जाने के लिए रांची एयरपोर्ट से पहले कोलकाता जाते हैं और वहां से इंटरनेशनल फ्लाइट पकड़ते हैं। लेकिन, अब जेट की फ्लाइट बंद होने से उन्हें परेशानी होगी।

जेट की दिल्ली फ्लाइट भी है बंद

जेट एयरवेज ने पिछले महीने ही रांची टू दिल्ली अपनी फ्लाइट सर्विस बंद कर दी है। वहीं, रांची एयरपोर्ट अथॉरिटी का कहना है कि रांची में पैसेंजर की कोई कमी नहीं है। पैसेंजर यहां से बढ़ रहे हैं लेकिन दूसरी तरफ सच्चाई है कि रांची से एयरलाइंस कंपनियां अपनी सर्विस बंद कर रही हैं।

इंडिगो भी बंद कर सकती है सर्विस

जेट की रांची टू कोलकाता फ्लाइट सर्विस बंद होने के बाद अब सिर्फ इंडिगो की फ्लाइट कोलकाता के लिए बची है। लेकिन, जेट एयरवेज की रांची टू कोलकाता फ्लाइट बंद होने की घोषणा के बाद इंडिगो भी अपनी सर्विस बंद करने की घोषणा कर सकती है। कंपनी ने इसकी आधिकारिक घोषणा तो नहीं की है, लेकिन स्टाफ को इसके संकेत दिए जा चुके हैं। इंडिगो की रांची से पटना, दिल्ली और कोलकाता के लिए फ्लाइट सर्विस है।

क्यों बंद हो रहीं रांची से फ्लाइट सर्विस

बिरसा मुण्डा एयरपोर्ट रांची से इस समय एयर इंडिया, गो एयरवेज, जेट एयरवेज और इंडिगो मिलाकर कुल 11 फ्लाइट चल रही हैं। इनमें इंडियन एयरलाइंस की 1, गो एयरवेज की 3, इंडिगो की 4 और जेट एयरवेज की 3 फ्लाइट शामिल हैं। एक फ्लाइट में लगभग 182 सीटें होती हैं, लेकिन इंडियन एयरलाइंस को छोड़ बाकी जितनी भी फ्लाइट हैं किसी की सीटें फुल नहीं हो पा रही हैं। पीक सीजन में भी प्राइवेट एयरलाइंस की फ्लाइट में आधी से ज्यादा सीटें खाली जा रही हैं। ऐसे में इन एयरलाइंस को नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस कारण ये एयर लाइंस फ्लाइट की फ्रिक्वेंसी और बाकी शहरों से कनेक्टिविटी बढ़ा नहीं पा रही हैं। धीरे-धीरे फ्लाइट सर्विस बंद करती जा रही हैं।

फ्लाइट बंद होने को लेकर लिखित रूप से मेरे पास अभी कोई लेटर नहीं आया है, जानकारी मिली है कि रांची एयरपोर्ट से कुछ फ्लाइट सर्विस बंद होने जा रही है। एयरपोर्ट अथॉरिटी की यह कोशिश है कि फ्लाइट कनेक्टिविटी बढ़े और जो फ्लाइट्स बंद होनेवाली हैं वो चलती रहें।

अनिल विक्रम, डायरेक्टर, बिरसा मुंडा एयरपोर्ट, रांची

Posted By: Inextlive