-हॉकी इंडिया राष्ट्रीय सब जूनियर महिला चैंपियनशिप

-चंडीगढ़ ने केरल को, यूपी ने मणिपुर, पंजाब ने पुडुचेरी को पराजित किया

रांची : सिमडेगा में चल रहे राष्ट्रीय सब जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप के दूसरे दिन दिल्ली ने आंध्र प्रदेश को 3-1 से पराजित कर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। उत्तर प्रदेश ने मणिपुर को एकतरफा मुकाबले में 8- 0 से, चंडीगढ़ ने केरल को 1-0 से हराया। एक अन्य मुकाबले में कर्नाटक और तमिलनाडु ने 1-1 से ड्रॉ खेला। वहीं पंजाब ने एकतरफा मुकाबले में पुडुचेरी को 15-1 से पराजित किया।

----------

दिल्ली बनाम आंध्र प्रदेश

बंगाल को पहले मैच में 6-0 से पराजित करने के बाद दिल्ली के खिलाडि़यों ने मैच के दूसरे दिन आंध्र प्रदेश को 3-1 से हरा लगातार दूसरी जीत दर्ज की। दिल्ली की टीम को आंध्र प्रदेश से अच्छी टक्कर मिली। मैच का पहला गोल दिल्ली की ओर से 12वें मिनट में शुभम ने दागा। 39वें मिनट में कप्तान पूजा ने शानदार मैदानी गोल कर टीम को 2-0 की बढ़त दिला दी। 52वें मिनट में शुभम ने अपना दूसरा व टीम के लिए तीसरा गोल (3-0) दागा। इसके एक मिनट बाद ही आंध्र प्रदेश की बोबिली ने मैदानी गोल कर बढ़त को कम (3-1) किया।

-----------

उत्तर प्रदेश बनाम मणिपुर

ग्रुप ई का यह मैच एकतरफा रहा। उत्तर प्रदेश (यूपी) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मैच 8-0 से अपने नाम किया। यूपी की ओर से वंदना पटेल ने तीन गोल दागे, जबकि पुष्पांजलि ने दो गोल किए। यूपी की टीम ने तेज शुरुआत करते हुए मैच के चौथे मिनट में ही गोल कर विरोधी टीम को सकते में डाल दिया। यह गोल वंदना पटेल ने पेनाल्टी कार्नर से दागा। 13वें मिनट में सुनीता कुमारी ने गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। 21वें मिनट में पुष्पांजलि ने मैदानी गोल कर यूपी की बढ़त 3-0 कर दी। इसके एक मिनट बाद (22वें मिनट) पूर्णिमा यादव ने यूपी के लिए चौथा गोल (4-0) दागा। 32वें मिनट में एक बार फिर पुष्पांजलि ने मणिपुर की रक्षापंक्ति को भेदते हुए अपना दूसरा और टीम के लिए पांचवां (5-0) गोल किया। 41वें मिनट में खुशी राठौर ने गोल कर बढ़त को 6-0 कर दिया। इसके बाद 53वें व 59वें मिनट में वंदना पटेल ने लगातार दो गोल कर जीत की मुहर लगा दी।

Posted By: Inextlive