राजधानी रांची के अधिकांश इलाकों में गंदगी बजबजा रही है.


रांची (ब्यूरो): नगर विकास विभाग की ओर से ही मानसून से पहले स्पेशल ड्राइव चलाने का स्पष्ट निर्देश दिया गया है, लेकिन रांची नगर निगम पर इसका खास असर पड़ता नहीं दिख रहा है। कुछ खास इलाके और वीआईपी कॉलोनी में निगम का सफाई अभियान चल रहा है। मुहल्लों और बस्तियों के घरों से भी कचरा नहीं उठ रहा है। मानसून से पहले सफाई अभियान चला कर बारिश से निपटने की योजना तो बनाई गई, लेकिन धरातल पर नजर नहीं आ रही है। घरों में घुसेगा गंदा पानी


नालियों की सही तरीके से सफाई नहीं होने की वजह से इस बार भी शहर में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न होगी। बारिश और नाली का गंदा पानी लोगों के घरों में घुसेगा। कई सालों से राजधानी के लोगों को सीवेरज-ड्रेनेज के सपने दिखाया जा रहा है। इस बार भी सीवरेज का काम पूरा नहीं हुआ है। नालों की सफाई नहीं होने से बारिश के पानी को निकलने का रास्ता नहीं मिलेगा। इस कारण फिर जलजमाव की स्थिति बनेगी। रांची में जून-जुलाई से ही बारिश शुरू हो जाती है। इन दिनों भी सिटी का मौसम ठीक नहीं है। आए दिन बारिश होने से शहर में जहां-तहां जलजमाव हो रहा है। नहीं पहुंच रहे सफाईकर्मी

निगम की टीम सिटी की प्रमुख सडक़ों के आस-पास तो सफाई कर रही है, लेकिन गलियों और मुहल्लों तक टीम पहुंच ही नहीं रही है। नगर निगम क्षेत्र की सैकड़ों बस्तियों में सफाई की जरूरत है, लेकिन टीम सफाई के नाम पर सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। रातू रोड, पिस्का मोड़, कोकर, चुटिया, अरगोड़ा, पुंदाग, पंडरा बस्ती समेत दर्जनों इलाकों में साफ-सफाई की जरूरत है। अरगोड़ा चौक के इलाके में अभी भी नालियां जाम हैं। अरगोड़ा चौक से थोड़ी ही दूर पुराने अरगोड़ा चौक से आनेवाली नाली अब भी जाम है। सफाई नहीं होने से कचरे का अंबार लगा है। यह नाली मुख्य सडक़ के किनारे ही है। नाली जाम होने के कारण मुख्य सडक़ पर बरसात के समय घुटने तक पानी जमा हो जाता है। बारिश से पहले यदि समुचित सफाई नहीं हुई तो इसका खामियाजा आमलोगों को भुगतना पड़ेगा। 15 तक आएगा मानसून

मौसम विभाग की मानें तो 15 जून तक रांची में मानसून की एंट्री हो जाएगी। ऐसे में निगम के पास नालियों की सफाई के लिए कुछ ही दिन बचे हैं। 15 दिन में 53 वार्ड की सफाई करनी होगी। इतने कम समय में पूरे शहर की नालियों की सफाई कराना नगर निगम के लिए चुनौती बन गया है। इस बार भी बारिश में राजधानी के डूबने के आसार हैैं।

Posted By: Inextlive