वरुण गांधी ने जेल में करवरिया बंधुओं से मुलाकात कर छोड़े सियासी तीर

मां के निधन पर व्यक्त किया शोक, सियासी गलियारे में चर्चाओं का बाजार गर्म

ALLAHABAD:

वरुण गांधी ने रविवार को नैनी जेल में करवरिया बंधुओं से मुलाकात कर सियासी तीर छोड़ दिया है। उन्होंने भाजपा नेता उदयभान के साथ ही बसपा से निष्कासित पूर्व सांसद कपिलमूनि और पूर्व एमएलसी सूरज भान करवरिया से भी मुलाकात की। चूंकि बीएसपी पहले ही आरोप लगा चुकी है कि कपिल और सूरज भान भाजपा नेताओं के संपर्क में हैं, इसलिए इस मुलाकात के कई मायने निकाले जा रहे हैं।

जेल में उमड़ा भाजपाईयों का हुजूम

रविवार को सुल्तानपुर भाजपा सांसद नैनी जेल पहुंचते, इससे पहले पार्टी कार्यकर्ताओं का हुजूम उमड़ा हुआ था। उनके पहुंचते ही कार्यकर्ता जिंदाबाद के नारे लगाने लगे। इस दौरान वरुण गांधी ने लगभग एक घंटे तक पूर्व भाजपा विधायक उदय भान करवरिया, पूर्व सांसद कपिल मुनि करवरिया सहित सूरज भान से वार्तालाप की। सूत्रों के मुताबिक उन्होंने आगामी विधानसभा चुनाव पर उदयभान से कुछ चर्चा भी की।

दिया पारिवारिक संबंधों का हवाला

बाहर निकलने के बाद वरुण गांधी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि करवरिया बंधुओं से हमारा पारिवारिक संबंध है। उनकी मां के निधन पर किसी कारणवश वह नहीं आ सके थे इसलिए रविवार को जेल में उनसे मिलने पहुंचे हैं। इस दौरान मां के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में संबंधों को निभाना उन्हें आता है। इसके बाद भाजपा सांसद का काफिला बारा के लिए रवाना हो गया। जब तक काफिला मौजूद था, बाकी मुलाकातियों को जेल के बाहर ही रखा गया। वरुण गांधी के स्वागत के लिए वरिष्ठ भाजपा नेता धनश्याम जायसवाल, राजन शुक्ला, राम जी मिश्रा, ओम प्रकाश शुक्ला सहित सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

बॉक्स

बसपा से निकाले जा चुके हैं दोनों

भाजपा सांसद वरुण गांधी की करवरिया बंधुओं से मुलाकात ने जिले की सियासत को नया मोड़ देने का काम किया है। बता दें कि हाल ही में मायावती ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त रहने का आरोप लगाते हुए पूर्व सांसद कपिल मुनि करवरिया और सूरज भान को बसपा से निष्कासित कर दिया था। इसके बाद से दोनों भाईयों के भाजपा में जाने के कयास लगाए जाने लगे थे। अब जबकि अगले साल प्रदेश में विधानसभा चुनाव है, ऐसे में इस मुलाकात को सियासत के नजरिए से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Posted By: Inextlive