Libya Floods : लीबिया के शहर डर्ना में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 11300 हो गई है। इसके अलावा यहां अभी 10 हजार से ज्यादा लोग लापता हैं।


डर्ना (एपी)। Libya Floods : लीबिया के तटीय शहर डर्ना में आई भीषण बाढ़ के चलते मरने वालों की संख्या बढ़कर 11 हजार से अधिक हो गयी है। लीबिया रेड क्रिसेंट ने गुरुवार को कहा कि लीबिया के पूर्वी शहर डर्ना में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 11,300 हो गई है। हेल्प ग्रुप की की सेक्रेटरी जनरल मैरी एल-ड्रेस ने न्यूज एजेंसी एपी को फोन पर बताया कि तटीय शहर में 10,100 और लोगों के लापता होने की खबर है। लीबिया के अधिकारियों ने गुरुवार को कहा कि डर्ना शहर में हजारों लोगों को सामूहिक कब्रों में दफनाया गया है। शहर के मेयर ने कहा कि सर्च आपरेशन जारी है इससे मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।पूरे के पूरे परिवार बह गए
बतादें कि रविवार की रात आई बाढ़ ने यहां पूरे के पूरे परिवारों को बहा दिया है। डैनियल, एक असामान्य रूप से शक्तिशाली भूमध्यसागरीय तूफान है। इसकी वजह से ही पूर्वी लीबिया के शहरों में घातक बाढ़ आ गई, लेकिन सबसे अधिक प्रभावित डर्ना हुआ। लोगों का कहना है कि रविवार रात जैसे ही तूफान तट पर पहुंचा उन्होंने जोरदार विस्फोटों की आवाज सुनी। शहर के बाहर बांध ढह गए। बाढ़ का पानी वाडी डर्ना नामक घाटी में बह गया। स्थानीय मीडिया की रिपोर्ट के अनुसार, डर्ना के बाहर जो बांध ढह गए, वे 1970 के दशक में बनाए गए थे और वर्षों से उनका रखरखाव नहीं किया गया था।

Posted By: Shweta Mishra