- तीन महीने पहले परिजनों ने दर्ज कराई थी अपहरण की रिपोर्ट

- परिजनों ने धर्म परिवर्तन और दुष्कर्म करने का लगाया आरोप

Meerut: लिसाड़ी गेट क्षेत्र से तीन महीने पहले गायब किशोरी बहसूमा में मिली। परिजनों ने उसका धर्म परिवर्तन करने का आरोप लगाते हुए दुष्कर्म की आशंका जताई है। मामला गंभीर होता देख पुलिस ने किशोरी का मेडिकल कराते हुए मामला पंजीकृत कर लिया है। किशोरी संप्रदाय विशेष की है और तीन महीने पहले परिजनों ने उसके अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पहले दिल्ली फिर बहसूमा

लिसाड़ी गेट के जाकिर कालोनी में रहने वाली 16 वर्षीय किशोरी 30 जनवरी को लापता हो गई थी। तब परिजनों ने लिसाड़ी गेट थाना में उसके अपहरण होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस ने उस किशोरी को शनिवार को बहसूमा से बरामद कर लिया। किशोरी ने बताया कि वह ट्रेन से दिल्ली पहुंच गई थी। जहां नांगलोई निवासी एक महिला ने उसे अपने घर पर काम पर रख लिया। किशोरी ने बताया कि महिला ने उसका धर्म परिवर्तन करा उससे पूजा-पाठ करवाती थी। किशोरी ने बताया कि कुछ समय पहले ही महिला ने बहसूमा में रहने वाली अपनी बहन के यहां पर भेज दिया था।

बुआ की मोबाइल में देखा फोटो

बहसूमा निवासी कुछ लोग बुढ़ाना गेट पर घूम रहे थे। उन लोगों ने बातों ही बातों में एक महिला के मोबाइल पर किशोरी की फोटो देखी। जब उन लोगों ने महिला से जानकारी ली तो वह किशोरी की बुआ निकली। इस पर उन लोगों ने बताया कि किशोरी बहसूमा में एक महिला के घर पर रह रही है। इस पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और वहां पहुंच कर किशोरी को बरामद कर लिया। पुलिस ने उस महिला को भी हिरासत में ले लिया है। उससे पूछताछ जारी है। वहीं दिल्ली स्थित उसकी बहन से भी संपर्क साधा जा रहा है। पुलिस ने किशोर का मेडिकल करा दिया है। परिजनों ने उसके दुष्कर्म की आशंका जताई है।

किशोरी तीन महीने पहले गायब हुई थी। अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। उसे बहसूमा से बरामद कर लिया गया है। जांच जारी है। उसका मेडिकल भी करा दिया गया है। जल्द ही केस का खुलासा कर दिया जाएगा।

- रवेंद्र कुमार सिंह यादव, लिसाड़ी गेट एसओ

Posted By: Inextlive