वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई देख कर बनाई अपहरण की योजना

पुलिस ने सर्विलांस के जरिए खोज निकाला मासूम

आगरा। थाना फतेहाबाद के विजोलपुरा में 4 जून को भागवत के दौरान पांच वर्षीय विवेक का बाइक सवार बदमाशों ने अपहरण कर लिया। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से अपहर्ताओं को पकड़ा और बच्चे को सकुशल बरामद किया। इस मामले में बच्चे का रिश्ते का मामा ही आरोपी निकला। प्रेसवार्ता कर एसएसपी ने मामले का खुलासा किया।

भागवत सुनने गया था

गांव विजोलपुरा निवासी 5 वर्षीय विवेक पुत्र रमेश चौहान नर्सरी का छात्र है। वह चार जून को दोपहर में अपनी नानी के साथ भागवत कथा सुनने गया था। उस दौरान वह बाहर खेल रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बच्चा खुद ही बाइक पर जाकर बैठा था। इसी बात पर पुलिस का माथा ठनका था। पुलिस ने लोगों से बाइक सवारों का हुलिया पूछा।

बीस लाख की मांगी फिरौती

दूसरे दिन विवेक के चाचा दिनेश के पास अपहर्ताओं ने कॉल कर बीस लाख रुपये फिरौती मांगी। अपहर्ताओं ने कहा कि दिनेश बोल रहा है जिसकी तुझे तलाश है वह मेरे पास है। भतीजे को जिंदा देखना चाहता है तो बीस लाख की फिरौती दे। इसी के बाद पुलिस में शिकायत की गई। पुलिस ने नम्बर सर्विलांस पर डाल दिया।

मामा के दोस्त के घर से किया बरामद

पुलिस ने इस मामले में छह जून को गिर्राज पुत्र विशम्भर निवासी नई आबादी सिकंदरा के यहां पर दबिश दी। यहां से उसे उठाया। इसी के बाद मामला खुलता गया। उन्होंने बच्चे को गांव में ही दूसरे स्थान पर रखा था। वहां पर जाकर पुलिस ने उसे सकुशल मुक्त करा लिया। इस मामले में बच्चे के रिश्ते के मामा जीतू पुत्र नवल सिंह तोमर निवासी केहड़ी तासौड मंसुखपुरा को अरेस्ट किया गया।

मूवी देखकर बनाई योजना

प्रेसवार्ता के दौरान एसएसपी ने बताया कि अपहर्ताओं ने वन्स अपॉन ए टाइम इन मुंबई देख कर जल्द रुपया कमाने की योजना दिमाग में आई। बच्चे का पिता ट्रक चालक है। चाचा दिनेश का भी अच्छा काम है। अपहर्ताओं को लगा कि पैसा मिल जाएगा। जीतू बीए की परीक्षा देने वाला था। पुलिस के मुताबिक वह दोनों टैम्पो चलाने का काम भी करते हैं।

बॉक्स

आराम से रहा बच्चा

बच्चे ने बताया कि वह एक मकान में आराम से रहा। वह उसे खाना पीना भी देते थे। पुलिस को पहले से शक था कि कोई नजदीकी ही है। चूंकि बच्चा खुद बाइक पर गया था। उसे उठाया नहीं गया था। इसी आधार पर पुलिस ने खुलासा किया।

Posted By: Inextlive