दरोगा की उगाही से त्रस्त होकर ऑटो यूनियन के अध्यक्ष ने कर लिया था आत्मदाह

12 जनवरी से दिल्ली में मौत से जंग लड़ रहा था ऑटो चालक, परिजनों में मचा कोहराम

Meerut। बीती 12 जनवरी को टीपी नगर थाना क्षेत्र में दरोगा की उगाही से त्रस्त होकर आत्मदाह करने वाला ऑटो चालक जिंदगी की जंग हार गया। दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती ऑटो चालक की शनिवार सुबह मौत हो गई। जिसके बाद परिजनों में कोहराम मचा है।

खुद को लगा ली थी आग

गौरतलब है कि टीपी थानाक्षेत्र के मलियाना की चंद्रलोक कॉलोनी का रहने वाला अश्वनी लोधी ऑटो चालक और टेंपो स्टैंड का ठेकेदार था। अश्वनी के परिजनों का आरोप है कि बीती 12 जनवरी को टीपी थाने का दरोगा राजदेव पूनिया ऑटो चालकों से अवैध उगाही कर रहा था। अश्वनी द्वारा विरोध करने पर दरोगा राजदेव पूनिया ने उसकी जमकर पिटाई की। जिस से त्रस्त होकर अश्वनी ने सड़क पर ही पेट्रोल छिड़ककर खुद को आग लगा ली थी। घटना में बुरी तरह से झुलसे अश्वनी को दिल्ली के सफदरजंग हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था.्र

'मुआवजा दे प्रशासन'

व्यापार संघ के जिला प्रमुख शैंकी वर्मा ने बताया कि ऑटो यूनियन के प्रधान अश्वनी की मौत की जानकारी सुबह हुई। बहुत ही दुखद घटना है। ऑटो चालक हो या ई रिक्शा चालक इनसे अवैध वसूली के नाम पर जो भ्रष्टाचार जिले में चल रहा है उसे हम बंद करा कर ही दम लेंगे। दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्यवाही हो और प्रशासन गरीब परिवार को मुआवजा दे।

दरोगा के खिलाफ मुकदमा

घटनाक्रम के बाद परिजनों में दरोगा के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर जमकर हंगामा किया। जिसके बाद दरोगा राजदेव पूनिया के खिलाफ अश्वनी को खुदकुशी के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज करते हुए, निलंबित कर दिया गया था। अधिकारियों के मुताबिक शनिवार सुबह अश्वनी ने अस्पताल में दम तोड़ दिया। मृतक के शव का दिल्ली में ही पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। उधर, घटना के बाद जहां मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। अश्रि्वनी की मौत के बाद मेरठ पहुंचे परिजनों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए तो वहीं अश्वनी के उपचार में लापरवाही का आरोप लगाया है।

ऑटो यूनियन के प्रधान की शनिवार सुबह मौत हो गई है। शव का दिल्ली में पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। थाना पुलिस द्वारा दरोगा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

दिनेश कुमार, एसएचओ, थाना टीपी नगर

Posted By: Inextlive