Mesha Sankranti 2020: भुवन भास्कर सूर्य देवगुरु ब्रहस्पति‍ की राशि मीन से निकल करके 13 अप्रैल 2020 को 8 बजकर 33 मिनट पर मेष राशि में प्रवेश कर रहे हैं। इस दिन से सभी शुभकार्य प्रारंभ हो जाएंगे। आइए मेष संक्रान्ति के बारे में अधिक जानते हैं।

Mesha Sankranti 2020: पूर्व में भुवन भास्कर सूर्य ने कुंभ राशि से निकल कर 14 मार्च 2020 को सुबह 11:53 बजे मीन राशि में प्रवेश किया था। तबसे लेकर के 13 अप्रैल 2020 तक शुभ कार्य वर्जित थे। अब 14 अप्रैल के बाद सभी शुभ कार्य प्रारम्भ हो जाएंगे। देशकाल परिस्थितियों के अनुसार आप अपने गांव-गली, कस्बे, शहर, प्रदेश व देश में स्थितियों के अनुसार शुभ कार्य कर सकते हैं क्योंकि देश में इस वक्त महामारी के चलते हर जगह लाॅकडाउन लागू है।

घर पर इस तरह पाएं स्नान- दान का पुण्य

विवाह, गृह प्रवेश, गृह निर्माण, कर्ण छेदन संस्कार, बीज मुहूर्त, कूप आरम्भ, वधू प्रवेश, यज्ञोपवित संस्कार, प्राण प्रतिष्ठा संस्कार आदि शुभ कार्य इस अवधि में सपन्न किए जा सकते हैं। लाॅकडाउन के चलते ये सभी शुभ कार्यों को करने से पहले सरकारी अनुमति अवश्य लें ले। सूर्य के मेष राशि में प्रवेश होने पर सभी शुभ कार्य प्रारम्भ हो जाएंगे। इस दिन स्नान- दान का विशेष महत्व है। यदि आप घर के बाहर नदी या नहर में स्नान करने न जा पाएं तो घर पर ही गंगा जल की दो बूंद बाल्टी भर पानी में मिला कर स्नान कर लें। इससे भी उतना ही पुण्य मिलेगा। बता दें इस दिन देश भर में वैशाखी भी मनाई जाएगी।

देश में अलग- अलग स्थानीय नामों से जानते हैं

बता दें कि देश में मेष संक्रान्ति को स्थानीय नामों से जाना जाता है। इसलिए हर जगह इसे अलग- अलग नाम से पुकारा जाता है। इस दिन सूर्य देव की उपासना करते हैं व सत्तू के सेवन को शुभ माना जाता है। कहते हैं मेष संक्रान्ति पर भगवान शिव, विष्णु व मां काली की पूजा की जाती है। इस दिन सात्विक भोजन ग्रहण करेंगे तो उत्तम होगा।

- ज्योतिषाचार्य पंडित दीपक पांडेय

Posted By: Vandana Sharma