पाकिस्‍तान से हवाई जहाज में बैठकर भारत आने का सपना देखने वालों के लिए बुरी खबर है। पीआईए ने कराची-मुंबई फ्लाइट सेवा को रविवार से बंद कर दिया है। लगातार घाटा होने के चलते एयरलाइंस ने यह फैसला लिया है।


यात्रियों की संख्या हो रही थी कमपाकिस्तान इंटरनेशनल एयरलाइंस (पीआईए) सोमवार से अपनी कराची-मुंबई फ्लाइट को अनिश्चितकाल के लिए रोक देगी। एयरलाइंस प्रबंधन के अनुसार उसने यह निर्णय व्यावसायिक दृष्टिकोण से लिया है। इस रूट पर यात्रियों की संख्या कम रहती थी, इसके चलते एयरलाइंस पिछले छह महीने से घाटा झेल रही थी। पीआईए हफ्ते में दो दिन (सोमवार और गुरुवार) कराची और मुंबई के बीच उड़ान संचालित करता था। प्रबंधन के अनुसार अगर सरकार ने इस घाटे को खत्म करने के लिए आर्थिक सहायता नहीं दी तो निकट भविष्य में इस रूट की फ्लाइट के फिर से शुरू होने की संभावना नहीं है। तनावपूर्ण चल रहे हैं रिश्ते
कश्मीर और नियंत्रण रेखा पर अशांति के चलते भारत और पाकिस्तान के रिश्ते इस समय तनावपूर्ण चल रहे हैं। माना जा रहा है कि पीआईए का यह फैसला भी नियंत्रण रेखा पर तनाव का नतीजा है। लेकिन पीआईए प्रबंधन ने दोनों देशों के संबंधों में तनाव का फ्लाइट रद होने के निर्णय से कोई संबंध होने से इन्कार किया है। पीआईए के प्रवक्ता दान्याल गिलानी के अनुसार एयरलाइंस की लाहौर से नई दिल्ली की फ्लाइट यात्रियों की पर्याप्त संख्या होने की वजह से जारी रहेगी। कराची-मुंबई की फ्लाइट रद होने की वजह से लाहौर-नई दिल्ली की फ्लाइट में यात्रियों की संख्या बढऩे की उम्मीद है। यह व्यावसायिक तौर पर एयरलाइंस के लिए फायदेमंद रहेगा। पीआइए पूर्व में पाकिस्तान सरकार की फायदे वाली कंपनी रही है। वर्ष 2004 में उसने दो अरब रुपये का लाभ कमाया था लेकिन उसके बाद वह घाटे में चली गई जिससे अभी तक नहीं उबर पाई है।

International News inextlive from World News Desk

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari