पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गांधीनगर-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। यह देश की तीसरी वंदे भारत ट्रेन है। इससे पहले दो ट्रेनें नई दिल्ली-वाराणसी और नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच चलाई जा रही हैं।

गांधीनगर (एएनआई)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को गांधीनगर में गांधीनगर-मुंबई सेंट्रल वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। पीएम मोदी दो दिवसीय गुजरात दौरे पर हैं। यह देश की तीसरी वंदे भारत ट्रेन है, अन्य दो नई दिल्ली-वाराणसी और नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच चलाई जा रही हैं। नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन गांधीनगर और मुंबई के बीच चलेगी, जो गुजरात और महाराष्ट्र राज्यों की राजधानियों को जोड़ेगी। रविवार को छोड़कर यह ट्रेन सप्ताह में छह दिन चलेगी।

क्या है नई ट्रेन की टाइमिंग
वंदे भारत ट्रेन 20901, मुंबई सेंट्रल से सुबह 6.10 बजे रवाना होगी और दोपहर 12.30 बजे गांधीनगर पहुंचेगी, अधिकारियों ने कहा कि मुंबई के लिए वापसी ट्रेन- 20902 दोपहर 2.05 बजे गांधीनगर कैपिटल स्टेशन से रवाना होगी और रात 8.35 बजे मुंबई सेंट्रल पहुंचेगी। अधिकारियों ने यह भी कहा कि 16 डिब्बों वाली ट्रेन में 1,128 यात्रियों के बैठने की क्षमता है और गांधीनगर कैपिटल स्टेशन पहुंचने से पहले यह तीन स्टेशनों सूरत, वडोदरा और अहमदाबाद पर रुकेगी।

ट्रेन में क्या मिलेगी सुविधाएं
नई वंदे भारत ट्रेनों में यात्रा को सुरक्षित और अधिक आरामदायक बनाने के लिए रिक्लाइनिंग सीट, स्वचालित फायर सेंसर, सीसीटीवी कैमरे, वाईफाई सुविधा के साथ ऑन-डिमांड सामग्री, तीन घंटे का बैटरी बैकअप और जीपीएस सिस्टम मौजूद है। चेन्नई में इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (ICF) ने अगस्त 2023 तक 75 वंदे भारत ट्रेनों के निर्माण का लक्ष्य रखा है।

ट्रेन के डिब्बे पहले से हल्के
वर्तमान में परिचालित दो ट्रेनों की तुलना में नई ट्रेनों में यात्रा करना अधिक आरामदायक होगा। वजह यह है कि नई ट्रेनों के डिब्बे पुरानी ट्रेनों के मुकाबले हल्के होंगे। ट्रेन का वजन 38 टन घटाकर 392 टन कर दिया गया है और यह पटरियों पर दो फीट बाढ़ के पानी के साथ भी काम करना जारी रख सकती है। ये स्टेनलेस स्टील से बने होते हैं। वजन कम होने के कारण यात्री तेज रफ्तार में भी ज्यादा आरामदायक महसूस करेंगे।

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari