- समर कॉलोनी में लूट के इरादे से घर में घुसे बदमाश

- घर में अकेली महिला ने बदमाशों की आंख में झोंकी लाल मिर्च

मेरठ : बदमाशों के खिलाफ महिलाओं ने खुद ही मोर्चा लेना शुरू कर दिया है। दिनदहाड़े लूट के इरादे से समर कॉलोनी में घर में घुसे बदमाशों का महिला ने अकेले ही मुकाबला किया। उसने बदमाशों को ललकारते हुए उनकी आंखों में लाल मिर्च का पाउडर झोंक दिया। महिला के हौसले को देख बदमाशों के पैर उखड़ गए। वो घर में रखा महज एक बैग ले जाने में कामयाब हो पाए। मामले की तहरीर लिसाड़ीगेट थाने में दे दी गई है।

महिला को बंधक बनाने की कोशिश

लिसाड़ी गेट के समर कॉलोनी में समीउद्दीन का परिवार रहता है। सुबह पौने छह बजे समीउद्दीन नमाज पढ़ने के लिए घर निकले थे। तभी तीन बदमाश दरवाजा खुला देखकर मकान के प्रवेश कर गए। उस समय समीउद्दीन की पत्‍‌नी विलकिस किचन में काम कर रही थी। बदमाशों ने महिला को बंधक बनाने की कोशिश की। तभी महिला ने मिर्ची की डिब्बे को बदमाशों की आंखों पर फेंक दिया। बदमाशों की आंखों में मिर्च भरने के बाद सभी एक कपड़ों से भरा बैग लेकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद महिला ने अपने पति को मामले की जानकारी दी। महिला के पति ने कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी। एसओ लिसाड़ीगेट का कहना है कि लूट नहीं हो पाई है, लेकिन बदमाशों की तलाश की जा रही है। माना जा रहा है कि बदमाश आसपास के ही थे।

गेट तोड़कर बहन को बचाया

मेरठ : लिसाड़ीगेट के मजिद नगर की गली नंबर छह निवासी वसीम के घर में महिलाएं थी। तभी आसपास के कुछ युवक घर में घुस गए। बताया जाता है कि एक युवक ने वसीम की बहन को कमरे में बंद कर लिया। मामले की जानकारी वसीम को मिली तो वह घर पहुंच गया। उसने मकान का गेट तोड़कर बहन को आरोपी के कब्जे से बचाया। मामले की तहरीर आरोपी युवक के खिलाफ थाने में दे दी गई है।

Posted By: Inextlive