- जिला पंचायत कार्यालय में आयोजित हुआ नव निर्वाचित अध्यक्ष व सदस्यों का शपथ ग्रहण समारोह

ALLAHABAD: रेखा सिंह ने गुरुवार को जिला पंचायत कार्यालय में तीसरी बार जिला पंचायत अध्यक्ष पद की शपथ ली। डीएम संजय कुमार ने इस दौरान अध्यक्ष समेत सदस्यों को पद और प्रतिष्ठा की शपथ दिलाई।

मुख्यमंत्री करेंगे पैरवी

जिला पंचायत द्वारा बनाए गए जितने प्रोजेक्ट प्रदेश सरकार को भेजे जाएंगे, उनकी पैरवी स्वयं मुख्यमंत्री करेंगे। विकास के मुद्दे पर धन की कमी आड़े नहीं आएगी। ये बातें गुरुवार को आयोजित नव निर्वाचित जिला पंचायत अध्यक्ष व सदस्यों के शपथ ग्रहण समारोह के मुख्य अतिथि दर्जा प्राप्त मंत्री उज्जवल रमण सिंह ने कही। उन्होंने इस दौरान 92 सदस्यों वाली पंचायत में जीत कर आई 37 महिलाओं की भागीदारी की प्रशंसा की।

जिले का होगा विकास

रेखा सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के एजेंडे के अनुरूप जिले का सर्वांगीण विकास किया जाएगा। सपा जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव ने जिला पंचायत में सपा की जीत को विकास कार्यो की वजह बताया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व केंद्रीय मंत्री राम पूजन पटेल और अतिथियों का स्वागत रेखा सिंह के पति पूर्व ब्लाक प्रमुख अशोक सिंह ने किया। इसके उपरांत जिला पंचायत की बैठक संपन्न हुई, जिसमें पूर्व सांसद धर्मराज सिंह पटेल, विधायक विजमा यादव, मीना तिवारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष केशरी देवी, कमिश्नर राजन शुक्ला, सीडीओ अटल कुमार राय आदि मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive