नव वर्ष के उत्‍सव पर जर्मनी में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जर्मनी के कोलोन शहर की लगभग 90 महिलाओं ने पुलिस स्‍टेशन में यौन उत्‍पीड़न की शिकायत दर्ज करवाई है। नए साल के जश्‍न के समय कोलोन रेलवे स्‍टेशन पर कई पुरुषों ने उनका यौन उत्‍पीड़न किया। पुलिस ने बताया कि हो सकता है जो पुरुष नशे की हालत में थे उन्‍होंने महिलाओं के साथ यौन उत्‍पीड़न की घटना को अंजाम दिया हो।


जर्मनी की चांसलर ने जताया दुख चांसलर एंजेला मर्केल ने भी महिलाओं के साथ हुए यौन उत्पीड़न पर दुख जताया है। कोलोन शहर के पुलिस प्रमुख वोल्फगेंग अल्बेयर्स ने कहा कि छेड़छाड़ करने वाले अरब या उत्तरी अफ्रीकी जैसे लोग लग रहे थे। पुलिस ने इस पूरे घटना क्रम को एक नई दिशा में अपराध करार दिया है। कानून मंत्री हायको मास ने कहा कि इसके लिए जो भी जिम्मेदार है उसे कानूनी दयारे में लाकर सजा दी जाएगी। मास ने कहा कि कोलोन रेलवे स्टेशन पर जो कुछ भी हुआ उसे किसी हाल में स्वीकार नहीं किया जाएगा। भविष्य में फिर से ऐसा न हो इसे सुनिश्चित करने के लिए दोषियों को सजा मिलना अनिवार्य है। पुलिस ने आठ लोगों को हिरासत में लिया
कानून मंत्री ने कहा कि हैम्बर्ग और स्टटगार्ट में भी ऐसी घटनाएं देखने को मिली हैं। हैम्बर्ग में एक महिला ने दुष्कर्म करने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद शहर के मेयर ने पुलिस के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक बुलाई। एक पुलिसकर्मी ने शहर के एक्सप्रेस समाचार वेबसाइट् को बताया कि पुलिस ने इस मामले में 8 लोगों को हिरासत में भी लिया है। अधिकारिक रूप से अभी इसकी कोई पुष्टि नहीं हुई है। नव वर्ष की पूर्व संध्या पर रेलवे स्टेशन के बाहर भारी संख्या में पुलिस वालों की तैनाती की गई थी फिर भी अपराधी ऐसा हमला करने में सफल रहे।

Posted By: Prabha Punj Mishra