- रालोद मुखिया बोले, राममंदिर व पलायन को चुनावी मुद्दा बना रही भाजपा

- सपा बदहाल काननू-व्यवस्था व परिवारवाद के कारण सूबे की राजनीति से बाहर

Meerut : राष्ट्रीय लोकदल के मुखिया अजित सिंह ने कहा कि भाजपा सत्ता हासिल करने के लिए राममंदिर और पलायन को चुनावी मुद्दा बना रही है, जबकि विकास से उसका दूर तक कोई वास्ता नहीं है। कहा कि बदहाल कानून-व्यवस्था और परिवारवाद में घिरने के चलते समाजवादी पार्टी प्रदेश की राजनीति से बाहर हो चुकी है। कहा कि उत्तर प्रदेश का विधानसभा चुनाव केंद्र की सत्ता का भविष्य भी तय करेगा।

बसपा पर निशाना

दशहरा मैदान में शनिवार को आयोजित किसान मजदूर स्वाभिमान रैली में रालोद मुखिया अजित सिंह ने सपा, भाजपा व बसपा पर जमकर निशाने साधे, जबकि कांगे्रस के प्रति नरम रुख अख्तियार किया। तंज कसा कि अच्छे दिन व 15 लाख रुपये खातों में डालने का सब्जबाग दिखाकर केंद्र की सत्ता पर काबिज भाजपा विकास के मोर्चे पर नाकाम साबित हुई है।

पलायन को दी हवा

विधानसभा चुनाव का बिगुल बजते ही मुद्दाविहीन भाजपा ने अयोध्या का राम मंदिर व कैराना के पलायन को हवा देनी शुरू कर दी है। हकीकत यह है किकारोबार व व्यवसाय बढ़ाने के लिए पलायन हुआ। अजित सिंह ने सपा सरकार को किसान विरोधी बताया। कहा कि मुस्लिम वर्ग को 18 प्रतिशत आरक्षण देने के दावा भी हवा-हवाई रहा। उन्होंने दावा किया कि किसान, मजदूर और मुस्लिमों के दम पर रालोद सत्ता में भागीदारी निभाएगी।

मुजफ्फरनगर में खेत पर जाने से डरते हैं किसान

रालोद सुप्रीमो अजित सिंह ने कहा कि मुजफ्फरनगर के दंगे में कौमी एकता टूटी, जिसका भाजपा को चुनावी फायदा हुआ। कहा कि दंगे को बीते तीन साल हो चुके हैं, लेकिन मुजफ्फरनगर के ग्रामीण आज भी खेत पर जाने से डरते हैं।

Posted By: Inextlive