- विभिन्न संगठनों की मदद लेकर पुलिस करेगी संरक्षण

- पुलिस लाइन के आसपास हुई शुरूआत, आगे बढ़ेगा कारवां

GORAKHPUR: शहर में हरियाली के लिए लगे पौधे ऑक्सीजन के साथ पुलिस का संदेश भी पब्लिक को देंगे। राह चलती पब्लिक उन सुविधाओं को जान सकेगी, जो मुसीबत में उनकी मदद करेगी। जहां एक तरफ पौधों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, वहीं दूसरी ओर पब्लिक के बीच संदेश पहुंचाया जाएगा। पुलिस लाइन के पास लगे पौधों से इसका आगाज हो चुका है। जल्द शहर के अन्य हिस्सों में भी इसका विस्तार किया जाएगा। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न संगठनों की मदद से इस कार्य को कराया जा रहा है।

पुलिस लाइन से शुरुआत, शहर में चलाएंगे अभियान

अगस्त में शहर में बड़ी संख्या में पौधरोपण कराए गए थे। लेकिन पौधों की सुरक्षा को लेकर कोई प्रबंध नहीं किया गया। उसके बाद पुलिस लाइन के आसपास लगे पौधों की सुरक्षा के लिए नए ट्री-गार्ड बनवाए गए। उन ट्री-गार्ड पर पुलिस का संदेश भी जारी किया गया। पुलिस लाइन से जुड़े लोगों का कहना है कि अभी इसकी शुरूआत की गई है।

पहले दीवारों पर कराया रंगरोगन, अब पौधे बने सहारा

हाईटेक जमाने में स्मार्ट पुलिसिंग पर जोर दिया जा रहा है। इसलिए पुलिस भी तरह-तरह के संसाधनों से लैस हो रही है। थानों पर जाकर एफआईआर कराने की समस्या से निजात दिलाते हुए यूपी कॉप एप बनाया गया है। महिला सुरक्षा सहित अन्य हेल्पलाइन नंबर जारी किए गए हैं। पहले दीवारों की पेटिंग कर पुलिस विभिन्न तरह के मैसेज दे रही थी। अब पुलिस पौधों पर लगे ट्री-गार्ड के जरिए पब्लिक तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रही है।

यह संदेश दे रही पुलिस

यूपी कॉप एप का प्रयोग कैसे करें।

छेड़खानी सहित अन्य घटनाओं से निपटने के उपाय

साइबर क्राइम के खिलाफ जागरूकता

बस एक फोन काल पर यूपी क्00 यूपी आप की सुरक्षा में तत्पर

सावधानी से वाहन चलाएं। ट्रैफिक नियमों का पालन करें।

वर्जन

विभिन्न संस्थाओं की मदद से यह अभियान शुरू किया गया है। पुलिस परिसर के अलावा अन्य जगहों पर भी इसका विस्तार किया जाएगा। पुलिस की योजनाओं के प्रचार-प्रसार के साथ पौधों की सुरक्षा के लिए कदम उठाया जाएगा।

उमेश दुबे, आरआई लाइन

Posted By: Inextlive