कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने राहुल गांधी के पार्टी अध्यक्ष बनने के बाद वरिष्ठ नेताओं को किनारे लग जाने की अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भाजपा से मार्गदर्शक मंडल का आइडिया आयात नहीं करेगी। भाजपा के मार्गदर्शक मंडल में पार्टी के कद्दावर नेताओं को रखा गया है जिसका सीधा अर्थ उन्हें किनारे लगा देना है।

अगले वर्ष राहुल बन सकते हैं कांग्रेस अध्यक्ष
अगले वर्ष मार्च महीने में राहुल को पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने की अटकलों के बारे में दिग्विजय सिंह ने कहा, ‘राहुल गांधी को प्रोन्नत किए जाने के मुद्दे पर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और कांग्रेस कार्यसमिति द्वारा फैसला लिया जाना है। यह कुछ ऐसी बात है जिसके बारे में दिग्विजय सिंह भविष्यवाणी नहीं कर सकते।’ उन्होंने कहा कि कांग्रेस के जमीनी कार्यकर्ता राहुल को शीघ्र अध्यक्ष बनाना चाहते हैं। उन्होंने कहा, ‘यह कांग्रेस में जमीनी कार्यकर्ताओं की आम भावना है। लेकिन यह कब होगा यह केवल कांग्रेस अध्यक्ष ही बता सकती हैं।’

भाजपा से निर्देश नहीं लेती कांग्रेस
जयराम रमेश की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा, ‘आखिर हम भाजपा से मार्गदर्शक मंडल का आइडिया क्यों उधार लाएं।’ रमेश ने कहा था कि पार्टी में 60 से ऊपर के नेता केवल परामर्शदाता हैं। दिग्विजय ने कहा, ‘मैंने जयराम रमेश का बयान नहीं देखा है। लेकिन कांग्रेस हमेशा से युवाओं का साथ देती आई है।’

inextlive from India News Desk

Posted By: Molly Seth