अफगानिस्‍तान में इन दिनों दहशत का माहौल है। तालिबान ने गवर्नर कार्यालय पर कब्‍जा कर लिया है। इसके साथ ही लड़ाकों ने अपने कई साथियों को जेल से निकाल लिया।

सोमवार को किया कब्जा
अफगानिस्तान के उत्तरी प्रांत कुंदुज की राजधानी कुंदुज सिटी पर तालिबान ने सोमवार को कब्जा कर लिया। आतंकियों ने देर शाम गवर्नर कार्यालय पर नियंत्रण के बाद शहर के मुख्य चौराहे सहित कई जगहों पर लड़ाकों ने संगठन के झंडे लहराए और सैकड़ों साथियों को रिहा कर लिया। खबर लिखे जाने के समय लड़ाके मुख्य हवाई अड्डे की ओर बढ़ रहे थे। अफगानी अधिकारियों ने भी कब्जे की पुष्टि की है।  
तालिबान की मुख्य सिटी है कुंदज
रणनीतिक रूप से अहम कुंदुज सिटी पर तालिबान का कब्जा अफगान सरकार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है। तालिबान को यह सफलता अफगानी राष्ट्रपति अशरफ गनी के कार्यकाल का एक साल पूरा होने के एक दिन बाद मिली है। अधिकारियों ने बताया कि आतंकियों ने दक्षिण से सड़कें बंद कर दी है। इसके कारण काबुल से कुंदुज मदद पहुंचाने में परेशानी आ रही है।
95 आतंकी मारे गए
इससे पहले सोमवार की सुबह सैकड़ों की संख्या में सभी दिशाओं से हमला करते हुए आतंकी प्रांतीय राजधानी में दाखिल हुए। शहर के बाहरी हिस्से में उन्हें रोकने के लिए सैन्य हेलीकॉप्टरों ने रॉकेट दागे पर कामयाबी नहीं मिल पाई। हमला होते ही उप गवर्नर राजधानी से भाग गए। विदेशी सैनिकों की वापसी के बाद तालिबान के हमलों का कुंदुज केंद्र रहा है। अफगान गृह मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि बीते 24 घंटों में अलग-अलग कार्रवाई में कम से कम 95 आतंकी मारे गए हैं। कार्रवाई नांगरहार, उरुगजान, गजनी और हेरात प्रांत में किए गए। इन सभी जगहों पर तालिबान सक्रिय है।

inextlive from World News Desk

 

Posted By: Abhishek Kumar Tiwari