- चचेरी भाभी के साथ निकली थी किशोरी, कार में खींच लिया दो युवकों ने

- केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

GAGHA/MAJHGAWA: गगहा थाना क्षेत्र के गगहा चौराहे पर शुक्रवार की रात करीब 9 बजे कार सवार दो युवकों ने एक किशोरी को उठा लिया। परिजन और पुलिस रातभर किशोरी को ढूंढते रहे लेकिन वह नहीं मिली। सुबह घर लौटी किशोरी ने बताया कि उसे कार में नशा सूंघा दिया गया था। उसके साथ क्या हुआ, उसे कुछ पता नहीं। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल के लिए भेज दिया। वहीं परिजनों से मिली तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश में जुट गई है।

जा रही थी अस्पताल

रात 9 बजे 17 वर्षीय किशोरी अपनी चचेरी भाभी के साथ निजी अस्पताल पर दवा लेने जा रही थी। जैसे ही चौराहे पर स्थित अस्पताल के पास पहुंची कि सामने खड़ी एक कार पर सवार दो युवक में से एक उतर गया। उनसे जीयनपुर जाने का रास्ता पूछा। दोनों ने अनभिज्ञता जताई। इसी दौरान युवक ने लड़की को कार में खींच लिया और खुद भी बैठ गया। उसकी भाभी मदद के लिए चिल्लाती रही लेकिन दोनों युवक कार से बड़हलगंज की ओर भाग गए।

पुलिस को दी जानकारी

लड़की की भाभी ने परिजनों को जानकारी दी। इसके बाद कई बार पुलिस कन्ट्रोल को कॉल की गई लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद स्थानीय लोगों की मदद से गगहा पुलिस को जानकारी दी गई। कार सवार दो लोगों के लड़की को लेकर बड़हलगंज के तरफ भागने की सूचना के बाद पुलिस सक्रिय हुई। काफी देर तक तलाश किया लेकिन कार का पता नहीं चला।

सुबह खुद ही लौटी

सुबह 6 बजे लड़की अचानक अपने घर पहुंच गई। परिजन लड़की को लेकर गगहा थाने पहुंचे। लड़की ने बताया कि उसे नशीला पदार्थ सूंघा दिया गया था। घबराई लड़की यह नहीं बता पा रही थी कि युवक उसे कहां ले गए थे। लड़की कभी आजमगढ़, कभी बस्ती तो कभी देवरिया बता रही थी। सही लोकेशन नहीं बता पाई। पुलिस ने लड़की को मेडिकल के लिए भेज दिया।

लड़की के पिता की तहरीर पर दो युवकों के खिलाफ अपहरण का केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

- गिरजेश तिवारी, एसओ, गगहा

Posted By: Inextlive