उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और प्रमुख ओबीसी नेता स्वामी प्रसाद मौर्य शुक्रवार को एक अन्य बागी मंत्री धर्म सिंह सैनी के साथ सपा में शामिल हो गए। अखिलेश यादव की मौजूदगी में बीजेपी के पांच विधायक और अपना दल सोनेलाल के विधायक ने भी सपा का दामन थामा है।


लखनऊ (पीटीआई)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश के पूर्व कैबिनेट मंत्री और प्रमुख ओबीसी नेता स्वामी प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी (सपा) का दामन थाम लिया है। वह शुक्रवार को एक अन्य बागी मंत्री धर्म सिंह सैनी के साथ समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। अखिलेश यादव की मौजूदगी में बीजेपी के पांच विधायक और अपना दल (सोनेलाल) के विधायक अमर सिंह चौधरी भी सपा में शामिल हो गए। सपा में शामिल होने वाले पांच भाजपा विधायक भगवती सागर (कानपुर में बिल्हौर), रोशनलाल वर्मा (शाहजहांपुर में तिलहर), विनय शाक्य (औरैया में बिधूना), बृजेश प्रजापति (बहरीच में तिंदवारी) और मुकेश वर्मा (फिरोजाबाद में शिकोहाबाद) हैं। अमर सिंह चौधरी शोहरतगढ़ से विधायक हैं। इन सभी नेताओं को सपा कार्यालय में सदस्यता दी गई।

विधानसभा चुनाव से पहले यूपी में बड़ा घटनाक्रम
राज्य के श्रम मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य के इस्तीफे से उत्तर प्रदेश में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को झटका लगा है। वहीं राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि उत्तर प्रदेश के महत्वपूर्ण विधानसभा चुनावों से एक महीने से भी कम समय पहले, राज्य में गैर-यादव ओबीसी के बीच सपा के प्रभाव को मजबूत करने के लिए यह घटनाक्रम हुआ है जिसका 2024 के संसदीय चुनावों पर भी प्रभाव पड़ेगा। उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी से सात चरणों में मतदान होना है। यहां सात चरणों में 10, 14, 20, 23, 27 और 3 और 7 मार्च को मतदान होगा। इसके अलावा मतों की गिनती 10 मार्च को होगी।

Posted By: Shweta Mishra