नगर निगम में चर्चित बाबू का वीडियो वायरल
ऑडियो क्लिप वायरल के बाद हुआ सस्पेंड
आगरा। फर्जी दस्तावेजों के सहारे नगर आयुक्त के पीए बने जलकल के बाबू देवेन्द्र सिंह को ऑडियो वायरल होने के बाद सस्पेंड कर दिया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हुई ऑडियो क्लिप में नगर आयुक्त के फर्जी पीए ने कई अधिकारियों पर आरोप लगाए है। इस ऑडियो में वह नगर आयुक्त समेत अन्य अधिकारियों पर आरोप लगाता दिख रहा है। ऑडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद उसे जीएम जलकल ने तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया। बता दें, नगर आयुक्त उसे पहले ही ऑफिस से रिलीव कर चुके थे। नियम विरुद्ध पाया प्रमोशनजलकल के बाबू ने अपने विभाग की फर्जी एनओसी दिखाकर नगर निगम से खुद को संबद्ध कर लिया। इसके बाद नगर निगम में नगर आयुक्त के वैयक्तिक सहायक (पीए) के पद पर पदोन्नति भी प्राप्त कर ली। इस मामले की शिकायत शासन में की गई। इसके बाद प्रदेश शासन के उप सचिव कल्याण बनर्जी ने जलकल के जीएम को पत्र लिखते हुए बाबू के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए पदोन्नति के बढ़े हुए वेतन की वसूली करने के साथ मूल पद आशुलिपिक के पद पर भेजने के निर्देश दिए थे। साथ ही कार्रवाई से अवगत कराने को कहा था।
वर्जननगर निगम आगरा में जो ऑडियो क्लिप वायरल हुआ है। इसमें हमारे यहां जो पूर्व में पीए थे, उनके द्वारा ये बातें कहीं गई हैं। मेरे द्वारा उनसे किसी भी प्रकार की अनैतिक मांग उनसे नहीं की गई। उसमें जो भी आरोप मेयर या मेरे बारे में या अन्य अधिकारियों पर लगाए गए हैं। वे गलत हैं। हम इस प्रकार की किसी भी अनैतिक कार्य को बढ़ावा नहीं देते हैं।
निखिल टीकाराम फुंडे नगर आयुक्त आगरा