बारिश के चलते धंस गई सड़क, हाईवे पर हो रखे हैं गड्ढे

आगरा। बारिश ने शहर में हालात बदत्तर कर दिए हैं। जगह-जगह सड़क धंसी पड़ी है, तो बारिश बंद होने के घंटों बाद भी कई जगह जलभराव हो रखा है। इससे आसपास रहने वालों के साथ राहगीरों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हाईवे पर भी हालात दयनीय हैं। गड्ढों के चलते कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है, लेकिन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा।

दयालबाग में बीचोंबीच धंसी सड़क

इस तरह की दिक्कतों का सामना सिर्फ किशोरपुरा ही नहीं, बल्कि शहर के अन्य एरियाज में भी है। दयालबाग में बीचोंबीच सड़क का बड़ा हिस्सा धंस गया है। संबंधित विभाग ने शनिवार को गड्ढे के आसपास बैरीकेडिंग कर दी। जिससे कोई हादसा नहीं हो।

सुल्तानगंज की पुलिया से सड़क गायब

सुल्तानगंज की पुलिया पर हाईवे की सर्विस रोड के किनारे नाला है। नाले की बाउंड्रीवॉल गायब है। ऐसे में नाले ने सर्विस रोड को खोखला कर दिया है। ऊपर सड़क नजर आती है, लेकिन नीचे मिट्टी गायब है। ऐसे में यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। रात में यहां से गुजरना तो और भी खतरनाक हो गया है।

हाईवे पर हो रखा है गहरा गड्ढा

सिकंदरा तिराहे के पास होटल कनक पैलेस के सामने हाईवे पर गड्ढे हैं। यहां दो दिन से लगातार बाइक सवार गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। शुक्रवार रात को भी यहां कई बाइक सवार गिरकर चोटिल हो गया। यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। इसके बाद भी एनएचएआई के अधिकारियों का इस ओर ध्यान नहीं जा रहा है। इन गड्ढों में अगर गिट्टी भी डाल दी जाएं तो जाम और हादसों से कुछ राहत मिल सकती है।

आईएसबीटी के सामने फिर लगा जाम

आगरा- दिल्ली हाईवे पर आईएसबीटी के सामने फ्लाइओवर के निर्माण के कारण मुख्य लेन बंद कर दी गई हैं। यहां अब तक सर्विस रोड से वाहन गुजारे जा रहे थे। इसलिए जाम की स्थिति बनी रहती थी। अब बारिश के कारण सर्विस रोड से बनाए गए वैकल्पिक मार्ग पर भी गड्ढे हो गए हैं। इसके कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो गई है। हाईवे पर आने वाले वाहनों की रफ्तार धीमी होने के कारण शुक्रवार को यहां भीषण जाम लगा था। शनिवार को फिर सुबह से यही स्थिति हो गई। भगवान टॉकीज से सिकंदरा की ओर जाने वाले वाहनों की लाइन खंदारी फ्लाइओवर से पीछे तक पहुंच गई। जाम से बचने को कुछ लोग वाहन लेकर खंदारी फ्लाइओवर के नीचे आए तो आईएसबीटी के सामने फंस गए। इसके बाद सर्विस रोड पर भी जाम लग गया। इसी तरह गड्ढों के कारण सिकंदरा से खंदारी की ओर आने वाले वाहन भी जाम में फंस गए। देर शाम तक यहां यही हालात बने रहे। पुलिसकर्मी खड़े थे, लेकिन वे इसमें कुछ नहीं कर सकते थे।

अंडरपास और ओवरब्रिज के अतिक्रमण

सिकंदरा अंडरपास, खंदारी-भगवान टाकीज- वाटरव‌र्क्स ओवरब्रिज के नीचे अतिक्रमण है। खंदारी फ्लाईओवर के नीचे जाम का नया प्वाइंट बन गया है। यहां पुलिस चौकी के सामने की एक लेन को बैरियर लगाकर बंद कर दिया गया है। हादसे में क्षतिग्रस्त होने वाले वाहनों को भी यहां खड़ा कर दिया गया है। इसके कारण कोई इस लेन से नहीं गुजर पाता। क्षेत्रीय लोगों को इसके कारण काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने इस लेन को खोलने की मांग की है।

किशोरपुरा रोड भी बदत्तर

किशोरपुरा रोड पर हालात पहले से ही नारकीय थे। अब तो वहां से गुजरना भी मुश्किल हो गया है। यहां रहने वाले गौरव बताते हैं कि सीवर लाइन के लिए सड़क को खोद दिया गया। लेकिन इसे बनाया नहीं गया। अब बारिश में हालात नारकीय हैं। जलभराव तो हो रखा ही है, इसके साथ ही कीचड़ भी हो रखी है। आए दिन वाहन भी दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। फोर व्हीलर वाहनों के पहिये धंस जाते हैं, तो टू व्हीलर वाहन फिसलन के चलते हादसे का शिकार हो जाते हैं।

Posted By: Inextlive