एत्माद्दौला के नुनिहाई में अतुल ग्रुप की फैक्ट्री है. शनिवार सुबह गैस का सिलेंडर फटने से फैक्ट्री में तेज धमाका हुआ. दूरदराज तक इसकी आवाज सुनी गई. आसपास रहने वाले क्षेत्रीय लोगों में दहशत फैल गई. सिलेंडर के टुकड़े 500 मीटर से अधिक दूरी पर स्थित कॉलोनी तक जा गिरे.

आगरा। फैक्टी में सुबह 10 बजे मजदूर अपने-अपने काम पर लग रहे थे। तभी सिलेंडर लेकर एक गाड़ी वहां पहुंची। कर्मचारियों ने गाड़ी में से एक सिलेंडर उताकर जमीन पर रख दिया। इसी दौरान उसमें तेज धमाका हुआ। इसके बाद फैक्ट्री में भगदड़ मच गई। धमाके की आवाज दुर्गा नगर, नुनिहाई, पीलाखार, शाहदरा, अग्रसेनपुरम, नगला बिहारी और ट्रांस यमुना कॉलोनी फेज दो में लोगों ने सुनी। दहशत में आकर लोग घरों से बाहर निकल आए।

गाड़ी में रखे थे 30 सिलेंडर
सिलेंडर के कुछ टुकड़े तो फैक्ट्री से 500 मीटर से अधिक दूरी पर स्थित दुर्गा नगर में पड़े मिले। लोगों ने सिलेंडर के टुकड़े लाकर पुलिस को दिए। गाड़ी में 30 सिलेंडर रखे थे। धमाके के बाद गाड़ी की एक साइड की बॉडी भी उड़ गई।

कार्बन डाईआक्साइड का था सिलेंडर
धमाके के बाद दो अन्य सिलेंडरों से गैस लीकेज हो रही थी। पुलिस ने उन्हें पानी में डलवाया। बाद में कार्बन डाई आक्साइड प्लांट से कर्मचारियों को बुलाकर उन्हें खाली कराया। जिस गाड़ी से सिलेंडर लाए गए थे, उस पर मेडिकल ऑक्सीजन लिखा था। इससे पुलिस को लगा था कि ऑक्सीजन सिलेंडर फटा है। बाद में फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूरों ने बताया कि सिलेंडर कार्बन डाईऑक्साइड का था।


सेफ्टी इंतजामों की होगी जांच शुरू
एसपी सिटी विकास कुमार ने बताया कि सिलेंडर फटने के बाद फैक्ट्री के सेफ्टी इंतजामों पर सवाल उठ रहा है। अब फैक्ट्री के सेफ्टी इंतजामों की जांच कराई जाएगी। कार्बन डाई आक्साइड के सिलेंडर की सप्लाई देने वाली कंपनी से भी इस संबंध में पूछताछ की जाएगी।

पूर्व में भी हो चुके हैं धमाके
8 मई 2022: थाना एत्मादपुर की छत पर तेज धमाका, चार खिड़कियों के शीशे टूटे

29 मार्च 2022: एत्मादपुर के थाने की छत पर पड़े कबाड़ में तेज धमाका, कार्यालय में गिरे शीशे

Posted By: Inextlive