आज शाम से थम जाएगा चुनावी शोर
Agra। जिले में विधानसभा चुनाव 2022 के लिए 9 फरवरी को 5 स्थानों से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। इसके लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। इसमें आगरा, उत्तर, दक्षिण, ग्रामीण और एत्मादपुर की पोलिंग पार्टी फिरोजाबाद रोड स्थित नवीन गल्ला मंडी से रवाना होंगी। इसके अलावा फतेहपुरसीकरी, खेरागढ़, फतेहाबाद और बाह से पोलिंग पार्टियां रवाना होंगी। इसके लिए 2800 से ज्यादा छोटे-बड़े वाहन अधिग्रहित किए गए हैं। पोलिंग पार्टियों को कोविड प्रोटेक्शन किट भी मुहैया कराई जाएगी।
बनाए गए हैं पिंक बूथजिले की 9 विधानसभाओं में 25 पिंक बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर महिलाएं व्यवस्था संभालेंगी। इसके अलावा दिव्यांग बूथ भी बनाए जाएंगे। महिलाएं व दिव्यांग बूथों पर सशक्त होने का संदेश देते नजर आएंगे।
मतदान प्रतिशत बढ़ाने की चुनौती
इस बार कोविड-19 के संक्रमण के बीच जिला प्रशासन पर मतदान प्रतिशत बढ़ाने की चुनौती होगी। बूथ पर मतदान करने को पहुंचने वाले वोटर मास्क लगाए होंगे। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में सबसे ज्यादा मतदान फतेहाबाद विधानसभा में 70 फीसदी हुआ था। सबसे कम मतदान आगरा उत्तर में 58 फीसदी हुआ था। इस बार पहले की अपेक्षा वोटर की संख्या में भी इजाफा हुआ है।
1 जिलों में 58 सीटों के लिए होगा मतदान
10 फरवरी को पहले चरण में आगरा समेत 11 जिलों में 58 सीटों के लिए वोट डाले जाएंगे। आगरा जोन की बात करें तो यहां आगरा की 9 सीट, मथुरा की 5 और अलीगढ़ की 7 विधानसभा सीट के लिए वोट डाले जाएंगे। बता दें कि 17 वीं विधानसभा का कार्यकाल मई में समाप्त हो रहा है। 18 वीं विधानसभा के लिए 10 मार्च को मतगणना शुरू होगी।
पहले चरण के चुनाव पर एक नजर
- जिले-11
- सीट- 58
- ब्रज के जिले- 3
- ब्रज क्षेत्र की सीट- 21
- प्रत्याशी- 615
-आपराधिक प्रवृत्ति के प्रत्याशी- 156
- गंभीर अपराध वाले प्रत्याशी-121
-करोड़पति प्रत्याशी-280
- ग्रेजुएट-पोस्ट ग्रेजुएट प्रत्याशी-304
- महिला प्रत्याशी- 74