आगरा: सोमवार को ताजमहल पर रविवार से अधिक भीड़ उमड़ी। 11 हजार से अधिक पर्यटकों ने सोमवार को ताजमहल का दीदार किया। रविवार को 6839 पर्यटकों ने स्मारक निहारा था। ताजमहल रविवार के दिन 132 दिनों के अंतराल के बाद खुला था। जानकारी के अभाव और रक्षाबंधन के चलते 6839 पर्यटकों ने दिनभर में ताजमहल निहारा था। सोमवार को ताजमहल पर रविवार की अपेक्षा अधिक पर्यटक पहुंचे। 11,708 पर्यटकों ने स्मारक निहारा, जिनमें 46 विदेशी पर्यटक शामिल थे। इनमें से 2114 पर्यटकों ने मुख्य मकबरे का दीदार किया। आगरा किला देखने 2874 पर्यटक पहुंचे, जिनमें 26 विदेशी पर्यटक थे।

ताज रात्रि दर्शन के सभी स्लाट फुल

मंगलवार को होने वाले ताज रात्रि दर्शन के लिए सोमवार को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के माल रोड स्थित सर्किल ऑफिस से टिकटें बुक हुईं। शाम चार बजे तक तीनों स्लाटों की सभी 150 टिकटें बुक हो गईं। उप्र में रात्रि कफ्र्यू लागू होने के चलते जिला प्रशासन द्वारा रात 8:30 से 10 बजे तक आधा-आधा घंटे के तीन स्लॉट में ताज रात्रि दर्शन कराने की अनुमति दी गई है।

74 पर्यटकों ने किया ताज रात्रि दर्शन

सोमवार को 74 पर्यटकों ने रात 8:30 से नौ बजे तक और नौ से 9:30 बजे तक के दो स्लॉट में ताज रात्रि दर्शन किया। आसमान साफ होने से उन्होंने चांदनी रात में ताजमहल के दीदार का लुत्फ लिया। रविवार को 75 पर्यटकों ने टिकट बुक कराए थे, जिनमें से एक पर्यटक ने टिकट कैंसिल करा दी थी।

Posted By: Inextlive