ताज के दशहरा घाट से सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर जागरुकता अभियान शुरू किया गया. इस दौरान मेयर नवीन जैन और नगर आयुक्त निखिल टीकाराम फुंडे ने संयुक्त रूप से प्लास्टिक से बने पुतले जिसको प्लास्टिक बाबा नाम दिया गया. दोनों ने संयुक्त रूप से कंधा देकर अर्थी निकाली. इसके बाद पुतले का दहन किया. इस दौरान उन्होंने पुतले के माध्यम से संदेश दिया कि आज से प्लास्टिक को विदा किया जा चुका है. न तो इसका प्रयोग करेंगे न ही प्रयोग करने देंगे.

आगरा। यमुना घाट पर सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान मेयर नवीन जैन और नगर आयुक्त निखिल टीकाराम फुंडे, पार्षद व पर्यावरण प्रेमियों ने संयुक्त रूप से सफाई अभियान चलाया। ताजमहल के पीछे बने दशहरा घाट पर यमुना नदी किनारे फैले प्लास्टिक कचरे, पॉलीथिन और गंदगी को एक जगह एकत्रित किया। इस दौरान पूरे घाट की सफाई की गई। पूरे प्लास्टिक के कचरे को पुतले का रूप दिया गया। नगर आयुक्त ने कहा कि पर्यावरण हित में सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग नहीं किया जाएगा। अर्थी निकालने के बाद उसे वहीं पास में गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।

पर्यावरण के साथ शरीर को भी पहुंचा रही नुकसान
इस दौरान मेयर ने कहा कि सिंगल यूज प्लास्टिक पर्यावरण के साथ शरीर को भी नुकसान पहुंचा रही है। ये मानव जीवन के लिए बहुत बड़ा खतरा है। यदि हमें आगरा को सिंगल यूज प्लास्टिक मुक्त शहर बनाना है तो प्रत्येक शहर वासियों को स्वयं यह संकल्प लेना होगा कि वह प्लास्टिक का प्रयोग करने से बचे और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करे।

23 स्थानों पर शुरु हुआ अभियान
बुधवार को शहर में एक साथ 23 स्थानों पर सिंगल यूज प्लास्टिक को लेकर 23 स्थानों पर अभियान शुरू किया गया। यह अभियान 3 जुलाई तक चलेगा। शहर के सभी 100 वार्डों में अलग-अलग तरीके से जागरुक किया जाएगा। उसके बाद अगर लोग सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल करते हुए पाए जायेंगे तो उनके खिलाफ नगर निगम कार्रवाई करने का काम करेगा। वहीं नगरायुक्त निखिल टीकाराम ने कहा कि सभी का हक बनता है कि वह अपने शहर को साफ और स्वच्छ बनाए रखने में का सहयोग करें। इसी को लेकर प्लास्टिक मुक्त अभियान की शुरुआत की गई है। यमुना के तल पर प्लास्टिक और गंदगी का अंबार रहता था, लेकिन अब से यह अंबार नहीं दिखेगा।

चलाया गया हस्ताक्षर अभियान
कार्यक्रम के बाद हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया। जिसमें लोगों ने बोर्ड पर हस्ताक्षर कर सभी सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने का संकल्प लिया। इस दौरान सभी को शपथ दिलाई गई।

ये रहे मौजूद
इस दौरान कार्यक्रम मेें अपर नगर आयुक्त सुरेन्द्र यादव, यूपी प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड के अधिकारी विश्वनाथ शर्मा, एसबीएम के प्रोजेक्ट मैनेजर केके पांडे, अभियान की ब्रांड अंबेसडर नीलम सिरसा, अंजू दियालानी, मनिंदर कौर, पार्षद दल के उप नेता मोहन सिंह लोधी, मनोज शर्मा, पार्षद जगदीश पचैरी, पार्षद जगमोहन, पार्षद भवतोष चौधरी, पार्षद बबलू लोधी आदि मौजूद रहे।

Posted By: Inextlive