आगरा। बाजार में रक्षाबंधन को लेकर चहल-पहल बढ़ गई है। रेडीमेड कपड़ों से लेकर मिठाइयों और राखी की दुकानों तक भीड़ दिखी। बाजारों में उमड़ रही भीड़ से दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे हैं। शनिवार को बाजार में करीब 200 करोड़ का कारोबार हुआ। ऑनलाइन शॉ¨पग वेबसाइट्स पर भी लोग ऑर्डर कर रहे हैं। ऑनलाइन कंपनियां परिधान व रसोई में प्रयोग होने वाले उपकरण पर 80 फीसद तक की छूट दे रही हैं। व्यापार मंडल के अध्यक्ष टीएन अग्रवाल, आगरा सराफ एसोसियेशन के अध्यक्ष नितेश अग्रवाल व मिष्ठान प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शिशिर भगत के अनुसार पिछले दो साल से बाजार प्रभावित था पर रक्षाबंधन पर्व से उम्मीद बंधी है। शुक्रवार के बाद शनिवार को जिस तरह परिधान, सराफा, राखी, मिठाई, मोबाइल, बर्तन, इलेक्ट्रोनिक बाजार में करीब 200 करोड़ का कारोबार हुआ। उन्होंने बताया कि मिठाई की दुकानों पर साइज में छोटे घेवर की डिमांड अधिक है। केसरिया व मलाई घेवर की भी मांग है। आगरा रेडीमेड गारमेंट्स संगठन के अध्यक्ष संजीव अग्रवाल का कहना है कि उम्मीद के अनुरूप बाजार चल रहा है। सामान्य के साथ ही महंगे कपड़ों की भी मांग निकल रही है।

उम्र का शतक लगा चुके विरासत वृक्षों को बांधेंगे रक्षासूत्र

रक्षाबंधन पर उम्र का शतक लगाने वाले सात विरासत वृक्षों को भी रक्षासूत्र बांधा जाएगा। शासन स्तर से रक्षासूत्र कार्यक्रम के लिए निर्देश दिए गए हैं। यह कार्यक्रम 29 अगस्त तक चलेगा, इसमें विरासत वृक्षों के अलावा इस साल अब तक रोपित 14 लाख से ज्यादा पौधों को भी राखी बांधकर उनकी रक्षा का संकल्प लिया जाएगा।

सात वृक्षों की लिस्ट शासन को भेजी थी

इसी साल मार्च में आगरा सामाजिक वानिकी प्रभाग की ओर से सात वृक्षों की सूची शासन को भेजी गई थी। उसके बाद उप्र जैव विविधता बोर्ड की तकनीकी समिति ने इन वृक्षों का अवलोकन कराया था। जिले के सातों वृक्ष 'विरासत वृक्ष' के मानकों पर खरे उतरे थे। समिति ने सातों वृक्षों को 'विरासत वृक्ष' घोषित किया था। इन वृक्षों के प्रति वन विभाग की जिम्मेदारी और बढ़ गई है। इन्हें नुकसान पहुंचाने वाले पर सामाजिक वानिकी प्रभाग के अधिकारी तत्काल कार्रवाई करेंगे।

यहां हैं वृक्ष

शाहजहां गार्डन में 10.36 मीटर तने की गोलाई वाला बरगद, 4.11 मीटर तने की गोलाई वाला इमली, 4.27 मीटर तने की गोलाई वाला इमली और 10 मीटर तने की गोलाई वाला पीपल का वृक्ष। इसके अलावा आगरा क्लब में 107 वर्ष पुराना 4.75 मीटर तने की गोलाई वाला इमली, शमसाबाद रोड स्थित 7.50 मीटर तने की गोलाई वाला बरगद, रामबाग पार्क में लगभग 105 वर्ष पुराना 3.25 मीटर तने की गोलाई वाला इमली, ताजमहल के अंदर लगभग 105 वर्ष पुराना 5.40 मीटर तने की गोलाई वाला बरगद और शमशाबाद रोड स्थित 7.56 मीटर तने की गोलाई वाला बरगद विरासत वृक्षों में शामिल हैं।

जनप्रतिनिधियों का भी लिया जाएगा सहयोग

शासन से प्राप्त पत्र के अनुसार रक्षासूत्र कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेकर विरासत वृक्षों की प्रजाति के पौधों सहित सभी रोपित पौधों को रक्षा सूत्र बांधा जाएगा।

सभी रेंजरों को सूचित कर दिया गया है। रविवार को विरासत वृक्षों को रक्षासूत्र बांधे जाएंगे। इसके अलावा इस साल अब तक 14 लाख 24 हजार पौधे रोपित किए गए हैं, उन्हें भी रक्षासूत्र बांधने के लिए योजना तैयार की जा रही है।

- अखिलेश पांडेय, डीएफओ

Posted By: Inextlive