साल के पहले दिन ही हाईवे पर हांफा ट्रैफिक न्यू ईयर सेलिब्रेशन को निकले लोग मॉन्यूमेंट से लेकर गुरुद्वारे पर भी जुटी भीड़.


आगरा(ब्यूरो) साल के पहले दिन लोग घरों से निकले तो हालात बेकाबू हो गए। शहर के अंदर के रोड और ताजमहल के आसपास के इलाके में भीषण जाम लग गया। आगरा-दिल्ली हाईवे की ट्रैफिक व्यवस्था फेल हो गई। यहां दोपहर से ही करीब चार किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। इससे बचने को लोग वैकल्पिक मार्गों पर निकले तो कॉलोनियों में भी जाम की स्थिति बन गई। दोपहर से लेकर रात तक यही हालात बने रहे। दोपहर से शाम तक लगा रहा जाम
नव वर्ष के मौके पर शनिवार दोपहर कोई मंदिर दर्शन तो कोई गुरुद्वारे में माथा टेकने निकला। ऐसे में शहर की सड़कों पर वाहनों की संख्या बढ़ गई। दोपहर एक बजे से हाईवे पर गुरु का ताल कट से जाम लगना शुरू हो गया। यहां पुलिस ने वाहनों को यू टर्न लेने से रोककर सिकंदरा तिराहा की ओर भेज दिया। जिससे सिकंदरा तिराहा पर भीषण जाम लग गया। वाहनों की लाइन गुरु का ताल तक पहुंच गई। दूसरी तरफ जाम आईएसबीटी फ्लाईओवर तक पहुंच गया। आईएसबीटी के सामने सिकंदरा से खंदारी की ओर जाने वाली लेन पर भी भीषण जाम लग गया। ऐसे में लोगों ने वैकल्पिक मार्गों पर निकलना शुरू किया। सिकंदरा की ओर जाने वाले वाहन गुरु का ताल आरओबी से कर कुंज की ओर जाने लगे। ऐसे में कैलाशपुरी तिराहा से आरओबी तक जाम लग गया। उधर, खंदारी की ओर जाने वाले वाहन महर्षिपुरम की ओर से निकले तो यहां भी जाम लग गया। शाम के समय तिराहे पर लगे जाम के चलते सिकंदरा आरओबी पर भी वाहन फंस गए। रात तक स्थिति बिगड़ी रही।

ताज पर भी उमड़े सैलानी ताजमहल का दीदार करने बड़ी संख्या में पहुंचे पर्यटकों के चलते फतेहाबाद रोड, पुरानी मंडी, माल रोड और यमुना किनारा रोड पर भी जाम रहा। एमजी रोड के सभी चौराहों, शाहगंज बाजार, बोदला चौराहा, कारगिल तिराहा, मदिया कटरा, लोहामंडी समेत प्रमुख चौराहों पर भी जाम की स्थिति बनी रही।

Posted By: Inextlive