-एत्माद्दौला के इस्लाम नगर में हुआ हादसा

जीजा के बन रहे मकान के टैंक में डूबे सगे भाइयों के बच्चे, मचा कोहराम

आगरा। एत्माद्दौला के इस्लाम नगर में रविवार को निर्माणाधीन मकान के टैंक में डूबकर दो बच्चों की मौत हो गई। परिवार को एक घंटे बाद हादसे का पता चला तो कोहराम मच गया।

बंदी के चलते बंद था काम

इस्लाम नगर निवासी अल्लाह मेहर के मकान का निर्माण कार्य चल रहा है। रविवार को बंदी के चलते काम बंद था। अल्लाह मेहर के घर के पास ही उनके साले नसीर और सलीम रहते हैं। रविवार की दोपहर में नसीर की बेटी इलमा (5) और भाई सलीम का पुत्र आरिश उर्फ मोंटू (4) खेलते हुए छत पर पहुंच गए। तीनों घरों की छतें आपस में मिली होने के चलते दोनों बच्चे सीढि़यों के रास्ते अल्लाह मेहर के घर में आ गए। खेलने के दौरान दोनों घर के अंदर बने पानी के पांच फीट से ज्यादा गहरे टैंक में गिर गए। परिवार के लोगों का ध्यान दो घंटे बाद बच्चों की ओर गया। वह दिखाई नहीं दिए तो उनकी खोजबीन शुरू कर दी। इस दौरान अल्लाह मेहर के मकान में जाकर देखा तो स्वजनों के होश उड़ गए। दोनों बच्चों के शव टैंक में पड़े थे। घटना से सगे भाइयों के परिवारों में कोहराम मच गया।

हिम्मत दिखाते तो बच सकती थी जान

इस्लाम नगर में दोनों बच्चों की डूबने की खबर आसपास के लोगों को तभी लग चुकी थी, जब वह सीवर में डूब रहे थे, लेकिन किसी ने भी उनको सीवर से निकालने का प्रयास नहीं किया। पुलिस के आने के बाद भी उनको बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंचे पुलिसकíमयों का कहना था कि अगर समय रहते आसपास के लोगों ने हिम्मत दिखाई होती तो दोनों बच्चों को बचाया जा सकता था। टैंक में सीवर के साथ बारिश का पानी भी भर गया था, जोकि सात फुट गहरा बताया जा रहा है।

सात दिन में बेटे के बाद बेटी की मौत

नसीर पेशे से चालक है। सात दिन में बेटे के बाद बेटी की मौत ने उसे तोड़ दिया। इसी सप्ताह आठ महीने के बेटे सुफियान की बुखार से मौत हो गई थी। रविवार को बेटी भी मौत की आगोश में सो गई।

बेटे को उठकर देख भी नहीं सका पिता

सलीम की तीन महीने पहले दुर्घटना में रीढ़ की हड्डी में चोट आ गई थी। इसके चलते वह बिस्तर पर हैं। बेटे के टैंक में डूबने की खबर सुनने के बाद वह एक बार उसे देखने के लिए भी नहीं जा सके।

इस्लाम नगर में एक मकान में निर्माण चल रहा था, जहां दोनों बच्चे खेल रहे थे। परिवार को इसकी जानकारी नहीं थी। दोनों बच्चों की उम्र 4 और 5 वर्ष है। खेलने के दौरान यह हादसा हुआ है। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

उदयवीर सिंह मलिक, इंस्पेक्टर एत्माद्दौला

Posted By: Inextlive