बुधवार रात साढ़े दस बजे सिकंदरा परिसर में हुआ फाल्ट, गुरुवार सुबह सात बजे सुचारू हुई बिजली

- जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स से 120 एमएलडी की हुई आपूर्ति, टैंकरों से भेजा गया पानी

आगरा: आधे शहर की जलापूर्ति को गुरुवार सुबह झटका लगा। बुधवार रात साढ़े दस बजे सिकंदरा स्थित एमबीबीआर और गंगाजल प्लांट परिसर में फाल्ट हो गया। इससे साढ़े आठ घंटे तक बिजली गुल रही। गुरुवार सुबह सात बजे बिजली चालू हो सकी। इससे सिकंदरा, बोदला, शाहगंज, लोहामंडी, आवास विकास कालोनी के सभी सेक्टर, लायर्स कालोनी और मदिया कटरा क्षेत्र में सुबह जलापूर्ति प्रभावित रही। जल संस्थान की टीम ने टैंकरों से पानी भेजा। वहीं, जीवनी मंडी वाटरव‌र्क्स से 120 एमएलडी गंगाजल की आपूर्ति हुई। जल संस्थान के महाप्रबंधक आरएस यादव का कहना है कि फाल्ट होने के कारण सुबह की जलापूर्ति प्रभावित रही है।

शाम को हो सकी जलापूर्ति

सिकंदरा के दोनों प्लांट से आधे शहर को जलापूर्ति की जाती है। एमबीबीआर प्लांट की क्षमता 144 मएलडी और गंगाजल प्लांट की क्षमता 144 एमएलडी है। एमबीबीआर प्लांट को आधी क्षमता पर चलाया जाता है। गुरुवार सुबह बिजली की आपूर्ति शुरू होने के बाद दोनों प्लांट चालू हो सके। शाम को जलापूर्ति हो सकी।

तेज धमाका के साथ जली केबल

बुधवार रात सिकंदरा स्थित एमबीबीआर प्लांट के गेट के समीप तेज धमाका हुआ और केबल जलने लगी। यह देखकर कर्मचारियों ने बिजली की आपूर्ति को बंद कर दिया।

11 स्थलों पर हुए लीकेज

गुरुवार को कमला नगर, फतेहाबाद रोड, एमजी रोड, जीवनी मंडी रोड, रामबाग रोड, ट्रांस यमुना क्षेत्र सहित 11 स्थलों पर लीकेज हुए। जल संस्थान की टीम ने शाम तक सभी लीकेज की मरम्मत कर ली।

Posted By: Inextlive