मासूम संग महिला ने नदी में लगाई छलांग, गोताखोर, जल पुलिस एवं नाविकों ने मिलकर महिला की बचाई जान

मासूम की तलाश में देर शाम तक पुलिस का चलता रहा सर्च ऑपरेशन रहा नाकाम

PRAYAGRAJ: तीन साल का मासूम बेगुनाह था। उसे विवाद जैसे शब्द के मायने तक नहीं मालूम थे। बावजूद इसके पति से हुए झगड़े के बाद उसे लेकर मां रीना देवी ने यमुना में छलांग लगा दी। शनिवार को करीब चार बजे उसे पुल से कूदते हुए देखकर लोग शोर मचाने लगे। मेला ड्यूटी में रहे गोताखोर और जल पुलिस सहित कई नाविक दौड़ पड़े। खबर मिलते ही नैनी पुलिस भी मौके पर जा पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद जवान महिला की जान बचाने में सफल रहे। देर शाम तक मासूम का कुछ पता नहीं चल सका था। उसकी तलाश में गोताखोर और जल पुलिस सर्च ऑपरेशन में जुटी रही।

करछना एरिया की है महिला

करछना के बस्तर भीरपुर निवासी अंजनी बिन्द का पत्‍‌नी रीना देवी से विवाद हुआ था। शनिवार को सुबह हुए विवाद में ताव खाई रीना के सिर पर मौत सवार हो गई। गुस्से में वह इतनी अंधी हुई कि तीन साल के मासूम बेटे आदर्श को लेकर सुसाइड करने निकल पड़ी। घर से निकली तो वह नैनी एरिया के नए यमुना ब्रिज पर आ पहुंची। करीब चार बजे अचानक बेटे को गोद में लेकर वह यमुना में कूद पड़ी। उसे कूदते हुए देख राहगीर शोर मचाने लगे। लोगों की आवाज सुनकर माघ मेला ड्यूटी में रहे गोताखोर और जल पुलिस दौड़ पड़ी। तब तक पुल के पास मौजूद नाविक उसे बचाने के लिए यमुना में छलांग लगा चुके थे। जल पुलिस और गोताखोर पहुंची तब तक नाविक महिला को किनारे लाने की कोशिश कर रहे थे। जल पुलिस नाविकों की मदद से महिला को स्टीमर पर बैठाकर बाहर लाई। इस तरह उसकी जान तो बच गई। मगर, मां के हाथ से छूटे मासूम आदर्श का कुछ पता नहीं चल सका। रीना को कस्टडी में लेकर पुलिस थाने ले गई। वहां पूछताछ में वह सुसाइड के प्रयास की वजह पुलिस को पति से विवाद बताई। देर शाम तक मासूम की तलाश में टीम सर्च ऑपरेशन में जुटी रही।

पति से विवाद के बाद बेटे संग आई महिला नए पुल से यमुना में कूद गई थी। महिला को बचा लिया गया है। उसके बेटे की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

जितेंद्र कुमार सिंह,

Posted By: Inextlive