ठंड में चढ़ा अपराध का पारा
तीन दिन में मौत के घाट उतार दिए गए चार लोग
नवाबगंज में किसान की गोली मार हत्या बड़े भाई की तहरीर पर तीन लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जPRAYAGRAJ: शहर से लेकर गांव तक के लोग दहशत में हैं। पुलिस कुंभ मेले पर कंसंट्रेट कर रही है और अपराधी ठंड में अपराध का पारा चढ़ाने में लगे हैं। तीन दिन में हुई कत्ल की चार घटनाएं व एक लूट इसके उदाहरण हैं। कोरांव में तो आरोपी के घर छापा मारने पहुंची पुलिस को ही पिट कर लौटना पड़ा। नवाबगंज एरिया में बुधवार की रात रामचंद्र यादव (30) की हत्या कर दी गई। तमंचे से निकली गोली उसकी दाहिनी बांह को छेदते हुए सीने में जा धंसी। घटना के वक्त वह खेत की रखवाली कर रहा था। गोली की आवाज सुनकर उसका भाई मौके पर पहुंचा। खून से लथपथ छोटे भाई को देख वह चीख पड़ा। तब तक कातिल भाग चुके थे। खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
आधी रात के बाद मारी गयी गोलीनवाबगंज एरिया के सपहा पूरे घासी निवासी अमृत लाल यादव के दो पुत्र हैं। परिवार की आय का जरिया खेती ही है। दोनों पुत्र खेत में बैंगन की खेती किए थे। बुधवार रात उसका छोटा बेटा रामचंद्र गांव से थोड़ी दूर स्थित खेत में बैंगन की रखवाली कर रहा था। करीब एक बजे रात गोली मार कर रामचंद्र की हत्या कर दी गई। गोली की आवाज सुनकर उसका बड़ा भाई गंगादीन टार्च लेकर खेत पहुंचा। उसे आते देख कातिल भाग निकले। खेत में खून से लथपथ छोटे भाई को देख वह शोर मचाने लगा। उसकी आवाज सुनकर ग्रामीण दौड़ पड़े। बताते हैं कि जब तक लोग पहुंचे उसकी मौत हो चुकी थी। खबर मिलते ही पत्नी खुशबू, मां बच्ची देवी सहित पूरे परिवार में कोहराम मच गया। मालूम चलते हुए नवाबगंज पुलिस मौके पर पहुंची। रात में कातिलों की तलाश में पुलिस जुटी पर कुछ पता नहीं चला। सुबह पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पत्नी से हुआ था मृतक का विवादभाई गंगादीन की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में गंगादीन ने बताया है कि इधर दो माह से रामचंद्र के पत्नी से रिश्ते ठीक नहीं थे। इसकी सूचना पर मायके वाले आए और उसकी पत्नी व दोनों बच्चों को लेकर चले गए। आरोप है कि जाते समय उन्होंने धमकी भी दी थी।
मृतक के भाई ने उसकी पत्नी के बाबा प्यारेलाल व चिनहा और सुरजीत के खिलाफ तहरीर दी है। रिपोर्ट दर्ज कर छानबीन की जा रही है। मामले में अभी कुछ कहना जल्दबाजी होगी। अमित कुमार श्रीवास्तव, सीओ सोरांव सप्ताह में हर दिन हुई वारदात 17 दिसंबर कर्नलगंज एरिया के मम्फोर्डगंज में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी करने वाले छात्र रविकेश की गोली मार कर हत्या कर दी गई। वह थरवई थाना क्षेत्र के बालीपुर गांव का निवासी थी। गोली उसे गांव में ही मारी गयी थी। परिवार की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर में किसी पर आरोप नहीं लगाए गए थे। पुलिस अज्ञात कातिलों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच में जुट गई। इस मामले में भी पुलिस आज तक कातिलों की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है। 18 दिसंबरकोरांव थाना क्षेत्र के सेमरी बाघराय भैसौड़ निवासी दिनेश कुमार पटेल पुत्र स्व। रामधनी की लाठी डंडे व धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। शव गांव के ही शिवशंकर के घर में मिला था। पत्नी शैलकुमारी की तहरीर पर शिवशंकर व उसके दो पुत्र कुल तीन के खिलाफ पुलिस रिपोर्ट दर्ज की थी। गिरफ्तारी करने पहुंची पुलिस पर ही हमला कर दिया गया था। आरोपितों को गिरफ्तार कर पुलिस पर हमला करने वाले नौ ज्ञात व अन्य अज्ञात की तलाश पुलिस कर रही है।
18 दिसंबर मऊआइमा थाना क्षेत्र के सरायकेशव बागी निवासी ज्ञानचंद्र यादव पुत्र स्व। विश्वनाथ यादव का गला रेत कर उसे मौत के घाट उतार दिया गया था। लोकापुर बिसहनी के पास उसका शव मिलना था। मां की तहरीर पर पुलिस अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। आज तक पुलिस कातिल तो दूर उनकी परछाई तक नहीं पहुंच सकी है।