साफ नहीं होता नाली-नाला

कुंभ के दौरान चकाचक हुई सड़कें व गलियां फिर हुई क्षतिग्रस्त

संगम क्षेत्र से सटे वार्ड का हाल है बदहाल

ALLAHABAD: संगम क्षेत्र से सटा वार्ड 23 कृष्णा नगर धार्मिक आस्था का केंद्र रहा है। यहां कई पुराने मंदिर स्थित हैं। पुराने शहर के लोग इसी वार्ड से त्रिवेणी रोड होते हुए संगम क्षेत्र तक पहुंचते थे। नैनी ब्रिज बनने के बाद सेना ने त्रिवेणी रोड बंद कर दिया। इसके बाद त्रिवेणी रोड कूड़ा अड्डा बन गया। गलियां, खाली मैदान के साथ ही कुछ बस्तियां पशुबाड़ा में तब्दील हो गई। खुले हुए बड़े-बड़े नाले और गंदगी जहां वार्ड की बड़ी समस्या हैं, वहीं आवारा पशुओं का आतंक इस समस्या को न सिर्फ बढ़ाता है, बल्कि बीमारी का कारण भी बनाता है। नगर निगम अधिकारियों का क्षेत्र में न आना वार्ड के लोगों को खलता है।

वार्ड स्कैन- कृष्णा नगर

एट ए ग्लांस-

वार्ड- 23 कृष्णा नगर

पार्षण- गणेश केसरवानी

क्वालीफिकेशन- स्नातक

आबादी- 30,000

वोटर- 10,000

मोहल्ला- कृष्णा नगर, तालाब नवल राय, नया बैरहना, पूरा ढाकू, कोहराना, बाबू विजय नारायण सिंह मोहल्ला, सोनकर बस्ती, त्रिवेणी रोड

हक और हकीकत

सड़क- 4-10

संगम क्षेत्र से सटा एरिया होने के कारण 2013 में महाकुंभ के दौरान कृष्णा नगर वार्ड में खूब काम हुआ। सभी सड़कें व गलियां बनी। दो वर्ष बाद स्थिति एक बार फिर 2013 से पहले वाली ही हो गई हैं। सीवर लाइन बिछाने के लिए सड़कें व गलियां खोद डाली गई। कच्ची सड़क, हरिहर बाबा वाली गली, तालाब नवल राय की रोड के साथ ही दो दर्जन से ज्यादा गलियां खुदी पड़ी हैं।

पानी- 5-10

वार्ड के वाशिंदों को पानी के लिए परेशान न होना पड़े। इसलिए दो ट्यूबवेल लगाए गए हैं। कुंभ के दौरान कुछ इलाकों में पाइप लाइन भी बिछायी गयी। करीब तीन किलोमीटर की पाइप लाइन भी दौड़ाई गई। इसके बाद भी पानी की समस्या लगातार बनी हुई है। क्योंकि, सीवर लाइन बिछाने के लिए हुई खोदाई के दौरान पाइप लाइन तोड़ी गई। जिससे कई इलाकों में जहां पानी की समस्या बनी हुई है। वहीं गंदे पानी की आए दिन सप्लाई होती रहती है।

सफाई- 4-10

जो त्रिवेणी रोड कभी शहर को संगम क्षेत्र से जोड़ने का मुख्य मार्ग था, आज उस रोड को कचरा घर बना दिया गया है। पूरे वार्ड का कचरा त्रिवेणी रोड के किनारे फेंका जाता है। वहीं वार्ड की गलियों व सड़कों पर भी कचरा डम्प होता है। पार्षद का कहना है कि आबादी के अनुसार सफाई कर्मचारियों की संख्या कम होने की वजह से समस्या बनी हुई है।

नाला-नाली- 5-10

कृष्णा नगर वार्ड की अगर सबसे बड़ी समस्या पूछी जाए तो वह नाला-नाली और सीवर ही है। त्रिवेणी रोड का नाला तो काफी प्रयास के बाद ढंका गया। लेकिन सीमेंट्री रोड का नाला आज तक नहीं बन सका है। धोबी घाट से तालाब नवल राय का नाला खराब पड़ा हुआ है। निरंकारी रोड का नाला पूरी तरह से ध्वस्त है। डा। कपूर का नाला भी गंदगी से पटा पड़ा है। पार्षद का कहना है कि नाले की तली सफाई नहीं हो रही है। जिसकी वजह से बरसात के मौसम में काफी दिक्कत होगी।

आवारा पशु- 8-10

वार्ड की दूसरी सबसे बड़ी समस्या आवारा पशु हैं। जिनमें अवैध तरीके से चल रहा सूअर बाड़ा लोगों की परेशानी का कारण बना हुआ है। नगर निगम ने सूअर पालन पर पूरी तरह से रोक लगा रखी है। शहर के अंदर सूअर पालना प्रतिबंधित है। गाय-भैंस भी बड़ी संख्या में वार्ड में घूमते रहते हैं।

वार्ड बोलता है

आवारा पशुओं के आतंक से पूरा वार्ड परेशान है। गाय-भैंस रोड पर ही बांधे जाते हैं। गोबर व गंदगी नाला-नाली में डाल कर नाले को पाटा जा रहा है। अवैध तरीके से चल रहे सूअरबाड़ा की वजह से सूअरों का सबसे ज्यादा आतंक है।

निहाल

शहर को संगम से जोड़ने वाले त्रिवेणी रोड का ये हाल होगा, कभी सोचा नहीं था। पूरा इलाका परेशान है। खाली पड़ी जमीन को नगर निगम ने कूड़ा अड्डा बना दिया है। पूरे वार्ड का कचरा त्रिवेणी रोड पर ही फेंका जाता है। कचरे का सड़ांध आवासीय क्षेत्र तक पहुंचती है।

अशोक नरायन

कुछ दिनों पहले सीवर लाइन बिछाने के दौरान कृष्णा नगर में पाइप लाइन तोड़ दी गई थी। काफी दिनों तक पानी अंदर ही अंदर बहता रहा, जलकल कर्मचारी उसे ठीक नहीं कर पाए। किसी तरह मरम्मत हुई, अब गंदे व दूषित पानी सप्लाई की समस्या बनी हुई है।

प्रवीण भसीम

पूरा कृष्णा नगर का इलाका नाला-नाली के साथ ही सीवर की समस्या से परेशान है। सीवर की सफाई न होने से आए दिन पानी जाम हो जाता है। जगह-जगह गंदगी पड़ी रहती है। नाले की तली सफाई भी नहीं होती है। बारिश में लापरवाही की हकीकत अपने आप सामने आ जाएगी।

परमानंद साहू

पब्लिक डिमांड

1. त्रिवेणी रोड का रास्ता खोला जाए

2. त्रिवेणी रोड पर फेंके जा रहे कचरे को वहां से हटाते हुए कचरा अड्डा कहीं और ले जाया जाए।

3. नालों की तली सफाई कराई जा, ताकि बरसात में जलजमाव की समस्या का सामना न करना पड़े।

4. आवारा पशुओं के साथ ही सूअर बाड़ों से छुटकारा दिलाया जाए।

5. गंदे पानी की सप्लाई बंद हो इसके लिए पाइप लाइन की मरम्मत की जाए

जवाब दो पार्षद जी

1. क्या आपको लगता है कि आपके वार्ड की पब्लिक आप के कार्यो से संतुष्ट है?

मैने प्रयास पूरा किया है। वार्ड की सभी गलियों का निर्माण कराया। मुख्य सड़कों को बनवाया। ट्यूबवेल लगवाए। करीब तीन किलोमीटर एरिया में नई पाइप लाइन बिछवाई। बैरहना आवेरहेड टैंक का पानी अपने वार्ड में सप्लाई कराने का काम कराया। वार्ड की गलियों और रोड पर 200 सोडियम लाइट लगवाए। 10 सीटर सुलभ काम्प्लेक्स का निर्माण करवाया। धोबीघाट का निर्माण कराया। तालाब नवल राय के संरक्षण का प्रयास किया।

2. ऐसा कौन सा काम है, जिसे आप नहीं करा पाए?

नए पुल की तरफ तीन रोड जाती थी। उसे बंद कर दिया गया। मनकामेश्वर की तरफ जाने वाली रोड को सेना ने बंद किया। त्रिवेणी रोड और काली सड़क भी बंद कर दी गई। त्रिवेणी रोड जो कभी शहर को संगम से जोड़ती थी। पुल बनने की वजह से बंद कर दी गई। जिसे खोलने की मांग पब्लिक की ओर से काफी दिनों से की जा रही है। 2012 में रोड खुलवाने का प्रयास किया। लेकिन, रोड न खुल पाने का मलाल है। मेला के लिए यह रास्ता बहुत उपयोगी है।

3. पांच साल में आपने क्या कोई और विशेष काम किया?

हां बिल्कुल किया। वार्ड का पार्षद होने के साथ ही भाजपा का नेता होने की वजह से मैने कॉमर्शियल हाउस टैक्स की मनमानी बढ़ोत्तरी का जमकर विरोध किया। पूरा शहर इस अभियान में शामिल हुआ। अन्य मुद्दों को भी उठाया गया। शहर की समस्याओं को लेकर आंदोलन किया गया।

Posted By: Inextlive