राजापुर में लगा है कूड़े का अंबार मच्छरों से लोग परेशान लगातार मिल रहे मरीज आज से चलेगा दस्तक अभियानलाख प्रयासों के बावजूद डेंगू के केसेज बढ़ते जा रहे हैं. जलभराव और गंदगी इसकी प्रमुख वजह है. इस बार भी अशोक नगर राजापुर नेवादा मऊसरैया आदि इलाकों में रोजाना नए केस मिल रहे हैं. जब दैनिक जागरण आई-नेक्स्ट ने इसका रियलिटी चेक किया तो कारण सामने आ गया. राजापुर एरिया में नगर निगम ने गलियों से कूड़ा तो हटाया लेकिन उसे वार्ड के भीतर ही एक मैदान में डंप कर दिया. जिससे वहां के लोगों का जीना हराम हो गया है.

प्रयागराज ब्यूरो, राजापुर के खेत वाली मजार के मैदान में लगा कूड़े का ऊंचा ढेर किसी पहाड़ से कम नही लग रहा है। जबकि इस कूड़े को यहां से हटाकर बसवार भेज दिया जाना चाहिए था। एरिया के लोगों का कहना है कि गंदगी की वजह से खूब मच्छर लग रहे हैं। रात में सोना हराम हो गया है। बदबू अलग से फैली हुई है। लगातार हो रही बारिश से दलदल बना हुआ है। नगर निगम को चाहिए कि जितनी जल्द हो सके इस कूड़े को हटा लिया जाना चाहिए।
हर घर में है बुखार के मरीज
हालात यह हैं कि राजापुर और आसपास के एरिया के लगभग हर घर में बुखार के मरीज मिल जाएंगे। हालांकि इनमें डेंगू पुष्टि नही हुई है। जानकारी के मुताबिक इस बार तेलियरगंज, नैनी, जार्जटाउन, सिविल लाइंस, अशोक नगर, राजापुर, मऊसरैया, शंकरघाट आदि एरिया में डेंगू के अधिक केस मिल रहे हैं। बता दें कि अब तक 251 डेंगू के मरीज सामने आ चुके हैं और इनमें से अकेले एक दर्जन मरीज अशोक नगर में मिले हैं। तेलियरगंज में सर्वाधिक 30 डेंगू के केस सामने आए हैं।
आज से चलेगा दस्तक अभियान
डेंगू के प्रसार पर रोक लगाने के लिए प्रशासन की ओर से आज से दस्तक अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत आशा कार्यकर्ता घर घर जाकर बुखार के मरीजों की जांच करेंगी और उनको इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र भेजा जाएगा। इससे पता चल जाएगा कि शहर में डेंगू की क्या स्थिति है। कई बार देखने में आता है कि मरीज को बुखार होता है और समय पर जांच नही होने पर उसकी स्थिति गंभीर हो जाती है।
कहां मिले हैं कितने मरीज
तेलियरंगज- 30
नैनी- 17
जार्जटाउन- 16
अशोक नगर- 12
सिविल लाइंस- 10
वर्जन
इस तरह से डेंगू पर रोक लगाना मुश्किल है। कूड़े और गंदगी वजह से मच्छरों की संख्या बढ़ती जा रही है। कूड़ा उठाने के बाद उसे वही डंप कर देने से परेशानी बढ़ रही है।
वैभव सिंह उर्फ पिंटू

जब तक साफ सफाई की स्थिति ठीक नहीं होगी, डेंगू पर लगाम लगाना मुश्किल होगा। नालियों की सफाई भी नही हो रही है। इनके ठहरे पानी में डेंगू और मलेरिया के लार्वा पनपते हैं और लोगों को संक्रमित करते हैं।
ओपी गुप्ता

राजापुर, नेवादा, अशोक नगर सभी जगह यही स्थिति है। सफाई ठीक से नही हो रही है जिसकी वजह से हालात गंभीर बने हुए हैं। अन्य इलाकों में भी जलभराव से संक्रामक रोगियों की संख्या बढ़ रही है।
अमित यादव

एक ओर डेंगू बढ़ रहा है तो दूसरी ओर लगातार बारिश हो रही है। जगह जगह गंदगी बनी हुई है। अगर इस समय दवा का छिड़काव ढंग से नही किया गया तो डेंगू को रोकने में पसीने छूट जाएंगे।
अभिषेक

Posted By: Inextlive