फूलपुर में 55 साल की वार्ड आया को लगाया गया था टीका

स्वास्थ्य विभाग का दावा, अब पूरी तरह फिट है महिला

कोरोना वैक्सीनेशन के पहले दिन प्रयागराज में भी कुछ मामले सामने आए। फूलपुर सीएचसी में टीकाकरण के दो घंटे बाद वार्ड आया को चक्कर आया और फिर उल्टी हो गई। यह जानकारी मिलते ही अधिकारियों में हड़कंप मच गया था। डॉक्टर्स की माने तो थोड़ी देर बाद उसकी हालत स्वत: सामान्य हो गई। ऐसे ही छिटपुट मामले डफरिन और काल्विन हॉस्पिटल में भी सामने आए हैं। हालांकि विभाग इन मामलों को गंभीरता से नही ले रहा है।

घर जाने के बाद हालत हुई खराब

फूलपुर सीएचसी में जिले में सबसे ज्यादा 80 हेल्थ वर्कर्स को टीका लगाया गया। लेकिन यहां एक ऐसी घटना भी हुई जिसने कुछ देर के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के होश भी उड़ा दिए। जानकारी के मुताबिक 55 साल की वार्ड आया मंजू दुबे फूलपुर सीएचसी में तैनात है। शनिवार दोपहर दो बजे उसे वैक्सीन लगाई गई और इसके बाद वह तेलियरगंज स्थित अपने घर चली गई। चार बजे फोन आया कि उसे चक्कर आ रहा है और दो बार उल्टी हुई है। यह जानकारी मिलते ही अधिकारियों में खलबचली मच गई। इसकी सूचना सेंटर के नोडल डॉ। अशोक कुमार ने तत्काल फूलपुर सीएचसी प्रभारी डॉ। सुनील पांडेय को दी।

हाईपरटेंशन की मरीज थी महिला

हालांकि थोड़ी देर बाद महिला ने बताया कि वह सामान्य हो गई है। उसकी हालत में सुधार है। नोडल डॉ। अशोक के मुताबिक वह हाइपरटेंशन की मरीज थी और नाइट ड्यूटी कर के वैक्सीन लगवाने आई थी। इस वजह से उन्हे हल्की दिक्कत हुई है। लेकिन अब वह बिल्कुल सामान्य है। यह दिक्कत उसे हाइपरटेंशन की बीमारी और वर्क लोड की वजह से हुई है। इसमें वैक्सीनेशन का कोई रोल नही है।

ब्लड देखकर आया चक्कर

इसी क्रम में काल्विन हॉस्पिटल की वार्ड आया को वैक्सीनेशन के बाद चक्कर आ गया था। निगरानी रूम में मौजूद डॉक्टर्स ने तत्काल उसका इलाज शुरू कर दिया। हॉस्पिटल के वैक्सीनेशन नोडल डॉ। सत्येन राय का कहना था कि वैक्सीनेशन के दौरान हाथ से निकला ब्लड देकर उसे चक्कर आया था। यह बात खुद वार्ड आया ने स्वीकार की है। डफरिन हॉस्पिटल में भी स्टाफ नर्स को भी वैक्सीन लगवाने के बाद चक्कर आया था। यहां के नोडल डॉ। आरसी पांडेय ने बताया कि 5 मिनट बाद नर्स की हालत सामान्य हो गई थी।

Posted By: Inextlive