महिला ने दर्ज कराया केस खुल्दाबाद पुलिस कर रही जांच


प्रयागराज ब्यूरो ।खुल्दाबाद थाना क्षेत्र के हिम्मतगंज में एक मस्जिद में महिला के साथ दुष्कर्म का प्रयास किया गया। आरोपित ने महिला के कपड़े फाड़ दिए। आरोप मस्जिद की देखरेख करने वाले युवक पर लगा है। महिला ने युवक के खिलाफ खुल्दाबाद थाने में केस दर्ज कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कौशांबी के सैय्यद सरावां की रहने वाली एक महिला हिम्मतगंज में रहकर घरों में चौका बर्तन का काम करती है। सात अप्रैल को महिला हिम्मतगंज में एक मौलवी के घर काम के सिलसिले में गई थी। वहां ताला बंद था। जिस पर महिला बगल की मस्जिम में बाथरूम चली गई। अब वह बाहर निकल रही थी तो उसे देखकर मस्जिद की देखरेख करने वाला खालिद भड़क उठा। आरोप है कि खालिद ने उससे गाली गलौच की, इसके बाद उसका हाथ पकड़ लिया। महिला को उसने धक्कामार कर जमीन पर पटक दिया। बुरी नीयत से उसके कपड़े फाड़ दिए। उसके साथ अश्लील हरकत की। विरोध करने पर पीट दिया। महिला ने शोर मचाया तो वहां कुछ लोग आ गए। जिससे महिला बच पाई। महिला ने डीसीपी सिटी आफिस जाकर शिकायत की। जिसके बाद उसकी तहरीर पर खुल्दाबाद थाने में केस दर्ज किया गया। मामले में इंस्पेक्टर खुल्दाबाद संजय कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपित की तलाश की जा रही है।

Posted By: Inextlive