लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है. बरेली सीट से चार पार्टियों के बड़े-बड़े दिग्गज संसद तक पहुंचे हैं. देश में जब से यह चुनाव शुरू हुए तब से अब तक इन चुनावों में कई ऐसे मौके आए जब किसी विशेष पार्टी की बयार चली.

बरेली (ब्यूरो)। लोकसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। बरेली सीट से चार पार्टियों के बड़े-बड़े दिग्गज संसद तक पहुंचे हैं। देश में जब से यह चुनाव शुरू हुए तब से अब तक इन चुनावों में कई ऐसे मौके आए जब किसी विशेष पार्टी की बयार चली। इस बयार में भले ही उस पार्टी के प्रत्याशी आसानी से जीत गए हों, पर उनकी जीत का परसेंटेज उस रिकॉर्ड को नहीं तोड़ सका, जो वर्ष 1977 के चुनाव में बना। इस वर्ष के चुनाव में बरेली सीट से भारतीय लोक दल के प्रत्याशी राममूर्ति लाल 66.68 परसेंट वोटर्स का समर्थन हासिल कर सांसद चुने गए। तब से अब तक 57 साल के लंबे अंतराल में 12 चुनाव हो चुके हैं। इस दौरान कांग्रेस की भी लहर रही तो भारतीय जनता पार्टी की भी। व्यक्तिगत तौर पर इंदिरा गांधी की लहर भी रही तो नरेन्द्र मोदी की भी। इसके बाद भी वर्ष 1977 के चुनाव का विनिंग परसेंटेज का रिकार्ड नहीं टूटा।

जीत का मार्जिन एक लाख से अधिक
बरेली लोकसभा सीट से वर्ष 1977 में सर्वाधिक वोट परसेंटेज से जीत का रिकार्ड बनाने वाले राममूर्ति को 1,96,147 वोट मिले थे। इस चुनाव में कुल 5,63,569 वोटर्स थे। इनमें से 2,94,183 वोटर्स ने वोट किया। चुनाव चार प्रत्याशी ही शामिल थे। इनमें से कांग्रेस प्रत्याशी सतीश चन्द्र दूसरे स्थान पर रहे। उन्हें 88,462 वोट मिले थे। इस तरह राममूर्ति 1,07,685 वोट मार्जिन से जीते थे।

मिनिमम परसेंटेज का भी रिकॉर्ड
बरेली सीट से सर्वाधिक वोट परसेंटेज जीतने का रिकार्ड भी बना तो सबसे कम का भी। इस सीट से सबसे कम वोट परसेंटेज से जीतने का रिकार्ड वर्ष 1980 में बना। इस वर्ष के चुनाव में कुल 6,14,536 वोटर्स में से 2,68,950 ने वोट किया। इस तरह कुल 44.62 परसेंट ही पोलिंग हुई। इसमें से मात्र 28 परसेंट वोट पाकर जनता पार्टी के मिसरयार खान विजेता बने। कांग्रेस प्रत्याशी राम सिंह खन्ना 24.42 परसेंट वोट के साथ दूसरे स्थान पर रहे। इस तरह जीतने वाले प्रत्याशी मिसरयार खान को 75,448 वोट मिले तो हारने वाले प्रत्याशी राम सिंह खन्ना को 73,738 वोट। चुनाव में मिसरयार खान 1710 वोट के मामूली अंतर से जीतकर सांसद बने। इस चुनाव में कुल 20 प्रत्याशी मैदान में थे।

पार्टी-नेता की लहर बेअसर
आजादी के बाद से लंबे समय तक देश के चुनावों में कांगे्रस का दबदबा रहा। बरेली लोकसभा चुनाव में क्रांगे्रस का यह दबदबा भी बहुत असरदार नहीं रहा। वर्ष 1952 के पहले चुनाव में इस सीट से कांग्रेस प्रत्याशी सतीश चन्द्र सासंद चुने गए। इसके बाद वर्ष 1957 के चुनाव में भी उन्हीं को जीत मिली। इसके बाद वर्ष 1962 के चुनाव में जनसंघ के ब्रिज राज सिंह और वर्ष 1967 के चुनाव में जनसंघ के ही ब्रिज भूषण लाल सांसद चुने गए। वर्ष 1971 के चुनाव में एक बार फिर कांग्रेस प्रत्याशी सतीश चन्द्र जीते तो वर्ष 1977 के चुनाव में लोकदल के राममूर्ति यहां से जीते। वर्ष 1980 के चुनाव में जनता पार्टी के प्रत्याशी मिसरयार खान जीते। वर्ष 1981 के उप चुनाव और वर्ष 1984 के चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी बेगम आबिदा अहमद को जीत मिली। इसके बाद वर्ष 1989, 91,96, 98,99 और 2004 के चुनाव में भाजपा प्रत्याशी संतोष गंगवार लगातार जीतते रहे। वर्ष 2009 में एक बार फिर कांग्रेस प्रत्याशी प्रवीण सिंह ऐरन जीते तो वर्ष 2014 और 2019 के चुनाव मेंं फिर संतोष गंगवार को ही जीत मिली।

फैक्ट फाइल
वर्ष 1971
प्रत्याशी- पार्टी- वोट- परसेंटेज
सतीश चन्द्र- कांग्रेस-115495- 51.27
हर्ष कुमार गंगवार-भारतीय जन संघ-90150- 40.37

वर्ष 1977
प्रत्याशी- पार्टी- वोट- परसेंटेज
राममूर्ति- भारतीय लोकदल -196147-66.68
सतीश चन्द्र-कांग्रेस-88462- 30.07

वर्ष 1980
प्रत्याशी- पार्टी- वोट- परसेंटेज
मिसरयार खान- जनता पार्टी-75448-28.05
राम सिंह खन्ना-कांग्रेस-73738- 24.42

वर्ष 1984
प्रत्याशी- पार्टी- वोट- परसेंटेज
आबिदा अहमद- कांग्रेस-156903- 45.97
संतोष गंगवार-भारतीय जनता पार्टी-100996- 29.59

वर्ष 1989
प्रत्याशी- पार्टी- वोट- परसेंटेज
संतोष गंगवार-भारतीय जनता पार्टी-159502-38.16
आबिदा अहमद- कांग्रेस-1156337-27.84

वर्ष 1991
प्रत्याशी- पार्टी- वोट- परसेंटेज
संतोष गंगवार-भारतीय जनता पार्टी-232018-47.95
अकबर अहमद डंपी- कांग्रेस-194272-40.15

वर्ष 1996
प्रत्याशी- पार्टी- वोट- परसेंटेज
संतोष गंगवार-भारतीय जनता पार्टी-225285-41.93
इस्लाम साबिर- सपा-186193-34.66

वर्ष 1998
प्रत्याशी- पार्टी- वोट- परसेंटेज
संतोष गंगवार-भारतीय जनता पार्टी-314480-46.34
इस्लाम साबिर- सपा-282040-41.47

वर्ष 1999
प्रत्याशी- पार्टी- वोट- परसेंटेज
संतोष गंगवार-भारतीय जनता पार्टी-292813- 44.67
मास्टर छोटे लाल- सपा-158113-24.12

वर्ष 2004
प्रत्याशी- पार्टी- वोट- परसेंटेज
संतोष गंगवार-भारतीय जनता पार्टी-269651-32.08
अकबर अहमद डंपी- बसपा-210007-25.50

वर्ष 2009
प्रत्याशी- पार्टी- वोट- परसेंटेज
प्रवीण सिंह ऐरन-कांग्रेस-220976-31.03
संतोष गंगवार-भारतीय जनता पार्टी-211638-30.00

वर्ष 2014
प्रत्याशी- पार्टी- वोट- परसेंटेज
संतोष गंगवार-भारतीय जनता पार्टी-518258-50.91
आयशा इस्लाम-सपा-277573-27.27

वर्ष 2019
प्रत्याशी- पार्टी- वोट- परसेंटेज
संतोष गंगवार-भारतीय जनता पार्टी-565270-52.91
भगवत सरन गंगवार-सपा-397988-37.25

Posted By: Inextlive