- कैंट एरिया के सिंघडि़या के पास बदमाशों ने की वारदात - डॉक्टर के क्लीनिक से लौट रही थीं सैनिक की पत्नी GORAKHPUR: डॉक्टर के यहौं से लौट रही सैनिक की पत्नी से बाइक सवार दो बदमाशों ने चेन लूट ली। घटना रविवार रात कैंट एरिया के सिंघडि़या में हुई। महिला के शोर मचाने पर जब तक आसपास के लोग जुटते बदमाश दूर निकल चुके थे। सूचना पर पहुंची पुलिस पूछताछ के बाद बदमाशों की तलाश में लग गई। अचानक मारा झपट्टा मिली जानकारी के मुताबिक विनय कुमार सिंह सेना में हैं। शहर के सिंघडि़या एरिया में उनका परिवार रहता है। रविवार शाम उनकी पत्नी ममता सिंह पड़ोस में रहने वाली एक महिला को बेतियाहाता में डॉक्टर को दिखाने गईं थीं। रात करीब 9 बजे ऑटो से घर जाने के लिए निकलीं। ममता चौराहे पर ऑटो से उतर कर घर की तरफ जाने लगीं। अभी थोड़ी दूर पर पहुंची थीं कि पीछे से आई एक बाइक उनके पास रुकी। इससे पहले वह कुछ समझ पातीं पीछे बैठे युवक ने झपट्टा मारकर उनके गले से चेन छीन ली। अचानक हुई घटना से दोनों महिलाएं अवाक रह गईं। उनके शोर मचाने पर जब तक आसपास के लोग जुटते बाइक सवार बदमाश दूर निकल चुके थे। किसी ने घटना की सूचना 100 नंबर पर पुलिस को दी। मौके पर कैंट इंस्पेक्टर मनोज पाठक, इंजीनियरिंग कॉलेज चौकी प्रभारी संजय कुमार सिंह ने पहुंच कर महिला से पूछताछ के बाद बदमाशों की तलाश शुरू कर दी।

Posted By: Inextlive