राह चलते लूटपाट का बदल रहे ट्रेंड

मार्निग वॉक पर निकली महिला की चेन लूटी

GORAKHPUR: शहर में राह चलते झपट्टा मारने वाले बदमाश ट्रेंड बदलकर वारदातों को अंजाम देने लगे हैं। घर के सामने गेट पर लूटपाट कर बदमाश पुलिस को चुनौती दे रहे हैं। गुरुवार सुबह कैंट एरिया के मोहद्दीपुर, श्रीरामपुर कॉलोनी में मार्निग वॉक से लौट रही बुजुर्ग महिला को बदमाशों ने निशाना बनाया। घर के गेट पर पहुंची महिला के गले से चेन लूटकर फरार हो गए। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बदमाशों की तलाश में टीम लगी है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज के सहारे बदमाशों की पहचान का प्रयास किया जा रहा है।

गेट पर लूट ली महिला की चेन

श्रीरामपुर कॉलोनी निवासी ओंकारनाथ वर्मा रेलवे में चीफ इंजीनियर पद से रिटायर हुए हैं। उनकी सास कौशल्या देवी भी साथ रहती हैं। वह अकेले रोजाना मार्निग वॉक पर जाती हैं। गुरुवार सुबह करीब सवा छह बजे मार्निग वॉक कर लौट रही थीं। अपने घर के गेट के सामने पहुंचीं तभी बाइक सवार दो युवकों ने झपट्टा मारकर चेन छीन ली। महिला कुछ समझ पाती इसके पहले बदमाश फरार हो गए। महिला के शोर मचाने पर लोगों को मामले की जानकारी हुई।

मार्निग वॉक की ड्रेस में थे बदमाश

मोहल्ले के लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची। सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस ने बदमाशों का हुलिया जानने का प्रयास किया। एक सीसीटीवी कैमरे में बाइक सवार बदमाशों की तस्वीर कैद हो गई है। ब्लैक और व्हाइट टीशर्ट पहने बदमाशों की बाइक नंबर के आधार पर पुलिस उनका सुराग जुटाने में लगी है।

ट्रेंड बदलकर करने लगे लूटपाट

रास्ते में चेन छीनने वाले बदमाशों ने ट्रेंड बदल दिया है। लोगों से राह चलते लूटपाट करने के बजाय घर के सामने वारदात को अंजाम दे रहे हैं। शाहपुर, खोराबार और कैंट एरिया में पहले भी इस तरह की वारदातें हो चुकी है। अन्य जगहों पर वारदात के बजाय मार्निग वॉक से लौट रही महिलाओं को निशाना बना रहे हैं।

अगस्त में चेन स्नेचिंग

10 अगस्त 2017: मोहद्दीपुर में बुजुर्ग महिला की चेन लूटकर बदमाश भागे। वह मार्निग वॉक से घर लौट रही थीं।

4 अगस्त 2017: गोरखनाथ, खोराबार और शाहपुर एरिया में एक बाइक सवार दो युवकों ने लूटपाट किया। मार्निग वॉक पर निकली तीन महिलाओं के गले से चेन लूट ले ली। तीनों जगहों पर बदमाशों ने महिलाओं को उनके घर के सामने निशाना बनाया।

वर्जन

लूटपाट की वारदातों में शामिल बदमाशों की तलाश चल रही है। पुलिस की टीम जल्द बदमाशों को अरेस्ट कर लेगी। सुबह के समय होने वाली घटनाओं को देखते हुए गश्त बढ़ाई जाएगी।

सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज, एसएसपी

Posted By: Inextlive