- चौरीचौरा के नई बाजार रोड के पास हुई घटना से दहशत

- पिस्टल की बट से मारा, कर्मचारियों को धमकाकर ले गए रुपए

GORAKHPUR: चौरीचौरा में गुरुवार की रात बाइक सवार बदमाशों ने माइक्रो फाइनेंस कंपनी में घुसकर चार लाख 10 हजार रुपए लूट लिए। पिस्टल के बल पर रुपए लेकर बदमाश फरार हो गए। घटना की सूचना पाकर डीआईजी, एसएसपी, एसपी नार्थ सहित अन्य पुलिस अधिकारी पहुंच गए। सीसीटीवी फुटेज कैमरे की मदद से पुलिस बदमाशों का सुराग लगाने की कोशिश में जुटी है। पीडि़त कर्मचारियों से बातचीत करके पुलिस ने घटना की जानकारी ली। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच-पड़ताल जारी है।

रुपए का हिसाब कर रहे थे कर्मचारी

चौरीचौरा तहसील के पास ही जंगल महादेव स्थित फ्यूजेन माइक्रो फाइनेंस कंपनी का ऑफिस है। दूसरी मंजिल पर कर्मचारी रहते हैं। कंपनी के कर्मचारी गांवों में जाकर स्वयं सहायता समूह बनवाकर लोगों को रोजगार के लिए रुपए देते हैं। रुपए देने के अलावा कर्मचारी रोजाना घूम-घूमकर कलेक्शन करते हैं। उस पैसे को अगले दिन बैंक में जमा करा दिया जाता है। गुरुवार की रात कंपनी के कर्मचारी ऑफिस में बैठकर रुपए का हिसाब तैयार कर रहे थे।

पिस्टल की बट से सिर पर मारा

कंपनी के सीनियर ब्रांच मैनेजर शशि कुमार यादव के अनुसार दिनभर के कलेक्शन का मिलान किया जा रहा था। तभी दो बाइक सवार पांच संदिग्ध पहुंचे। असलहे से लैस बदमाशों को देखकर कर्मचारी डर गए। एक बदमाश ने कर्मचारी को पिस्टल की बट से मार दिया। दूसरे ने हिलने पर गोली मारने की धमकी दी। कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर लेते हुए बदमाशों ने कलेक्शन चार लाख 10 हजार रुपए उठा लिया। रुपए सहेजकर असलहा दिखाते हुए फरार हो गए। उनके जाने पर कर्मचारियों ने शोर मचाया तो लोगों को लूटपाट की जानकारी हुई।

Posted By: Inextlive