- किशोरी की मां की तहरीर पर तीन युवकों पर केस

GORAKHPUR: बड़हलगंज कोतवाली एरिया की एक किशोरी ने शोहदों द्वारा की जा रही छेड़खानी से आहत होकर बुधवार सुबह खुद को आग लगा ली। परिजनों ने उसके कपड़ों में लगी आग बुझाई लेकिन तब तक वह गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।

मां-बेटी पर कर दिया हमला

बड़हलगंज एरिया के एक गांव की किशोरी बुधवार सुबह अपनी आठ साल की बहन के साथ नित्यकर्म के लिए गई थी। रास्ते में गांव के ही तीन युवकों ने उसे पकड़ लिया और झाड़ी में खींच ले गए। युवक उससे छेड़खानी करने लगे। युवकों के चंगुल से बचने के लिए दोनों बहनों ने शोर मचाया तो उन्होंने दोनों पर हमला कर दिया। इस बीच उधर से गुजर रहे कुछ ग्रामीणों को देखकर तीनों शोहदे धमकी देते हुए फरार हो गए। दोनों बहनें घर पहुंची और मां को आपबीती सुनाई। किशोरी को साथ लेकर उसकी मां उलाहना देने आरोपियों के घर पहुंच गई। आरोपियों ने मां-बेटी को देखते ही उन पर हमला कर दिया। इस घटना से किशोरी काफी आहत हो गई। उसने घर पहुंच अपने ऊपर मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा ली। डाक्टरों ने किशोरी की हालत गंभीर बताई है। वहीं, पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर छेड़खानी और मारपीट करने वाले राहुल, अमित और अर्जुन के खिलाफ विभिन्न संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

Posted By: Inextlive