- सुमेर सागर में ताल पर किया था अवैध कब्जा

- प्रभावशालियों की वजह से लौट जाती थी टीम

GORAKHPUR:

सुमेर सागर में अवैध कब्जे पर प्रशासन का बुलडोजर चला। शनिवार को अचानक हुई बड़ी कार्रवाई से हड़कंप मच गया। पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने अवैध कब्जे की जद से तीन एकड़ भूमि को सुरक्षित कराया। रविवार को भी कार्रवाई जारी रखने के संकेत अधिकारियों ने दिए हैं। इस दौरान तीन बड़े गोदामों सहित 10 से अधिक अवैध निर्माण ढहाए गए। प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि करीब 17 एकड़ भूमि पर अवैध कब्जा है। सभी को हटाकर ताल की भूमि सुरक्षित की जाएगी।

ताल की भूमि से संबंधित दस्तावेज हुए गायब

सुमेर सागर में ताल को पाटकर लोगों ने कब्जा कर लिया है। एक प्रभावशाली व्यक्ति की वजह से वहां पर कभी प्रशासन का बुलडोजर नहीं चल पा रहा था। ताल के बारे में पूरी जानकारी करने के बाद ज्वाइंट मजिस्ट्रेट- एसडीएम सदर ने गुपचुप एक्शन लिया। जांच में सामने आया कि इससे संबंधित कई दस्तावेज गायब करा दिए गए हैं। एक माह तक काम करने के बाद शनिवार को अचानक टीम लेकर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट पहुंचे।

नजूल की भूमि से भी हटाया गया कब्जा

पुलिस लाइंस के सामने भूमि पर अवैध कब्जे को भी हटाया गया। शनिवार की दोपहर भारी पुलिस बल के साथ टीम पहुंची। पुलिस लाइन के सामने नजूल की भूमि पर बने 13 मकानों को ढहा दिया। अतिक्रमण हटाने के बाद सभी परिवारों को आसरा योजना के तहत आवास दिए गए। कुछ लोग वहां से जाना नहीं चाहते थे। प्रशासनिक अफसरों का कहना है कि भूमि खाली करने के संबंध में सभी को पहले से नोटिस दी गई थी। वहां बने एक होटल पर भी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने होटल को भी सील कर दिया है।

वर्जन

सभी अभिलेखों की पड़ताल की गई। इसके बाद अवैध कब्जा हटाने की प्रक्रिया शुरू हुई। पहले दिन करीब चार एकड़ भूमि खाली कराई गई है। यहां 16-17 एकड़ भूमि पर अवैध कब्जा होने की बात सामने आई है।

गौरव सिंह सोगरवाल, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट

Posted By: Inextlive